Home » एक्सक्लूसिव » देशभर में बारिश का कहर: सूरत में 85 साल का रिकॉर्ड टूटा, बाढ़ में 9 मौतें; कई राज्यों में स्कूल बंद

देशभर में बारिश का कहर: सूरत में 85 साल का रिकॉर्ड टूटा, बाढ़ में 9 मौतें; कई राज्यों में स्कूल बंद

Monsoon 2026:

Monsoon 2026: देश के कई राज्यों में मानसून ने तबाही मचा दी है। गुजरात के सूरत में महज 36 घंटे में 18 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे जुलाई 1941 का 85 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। लगातार बारिश के कारण शहर के अधिकांश इलाके जलमग्न हो गए, शॉपिंग मॉल की एक मंजिल तक पानी भर गया और कई वाहन बाढ़ के पानी में बहते नजर आए। हादसों में करंट लगने, पेड़ गिरने और बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3,400 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सूरत और नवसारी में स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं।

दिल्ली-एनसीआर में जलभराव, हाईवे धंसा

भारी बारिश के चलते दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) का एक हिस्सा धंस गया, जिससे करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। गुरुग्राम के कई इलाकों में दो-दो फीट तक पानी भर गया। पुलिस ने निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सुविधा देने की अपील की है।

Monsoon 2026: मध्य प्रदेश और राजस्थान में हादसे

मध्य प्रदेश के जबलपुर में बारिश के बीच एक पांच मंजिला इमारत ढह गई। वहीं राजस्थान के जालोर में एक जीप नदी में पलट गई, जबकि चित्तौड़गढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।

Monsoon 2026: अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन

अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से 26 जिलों के 94 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक चार लोगों की मौत, 21 लोगों के घायल होने और दो महिलाओं के लापता होने की पुष्टि हुई है।

महाराष्ट्र में भारी बारिश का असर

पालघर जिले में 1 जुलाई से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन ने 389 परिवारों के 1,261 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया है। लगातार बारिश से कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और पिंजल तथा वैतरणा नदियां चेतावनी स्तर के करीब बह रही हैं।

मुंबई में रेल सेवाएं प्रभावित

मुंबई में लगातार बारिश के कारण लोकल ट्रेनें 25 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। जलभराव की वजह से 39 ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। तुलसी और विहार झीलें ओवरफ्लो हो गई हैं, हालांकि शहर के जलाशयों में कुल जल भंडारण अभी 41.43 प्रतिशत है।

दक्षिण भारत में भी अलर्ट

कर्नाटक के बेलगावी और शिवमोगा जिलों में एहतियातन स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। केरल के वायनाड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान जारी है, जहां अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है और पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

यह भी पढे़ : किस मुस्लिम ने ढूंढा था बाबा बर्फानी का धाम? जानिए पहली यात्रा, इतिहास, आस्था की पूरी कहानी