Pune Building Collapse: पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। मोशी इलाके में निर्माणाधीन ‘वेस्ट-टू-एनर्जी’ प्रोजेक्ट की एक इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार मलबे में 15 से 20 मजदूरों के दबे होने की आशंका है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
Pune Building Collapse: निर्माण कार्य के दौरान अचानक ढहा ढांचा-
यह परियोजना पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) द्वारा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जा रही है। हादसे के समय इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था और कई मजदूर साइट पर मौजूद थे। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।
Pune Building Collapse: फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत दल मौके पर-
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाकर फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए कई एम्बुलेंस भी तैनात की गई हैं।
हादसे के कारणों की होगी जांच-
फिलहाल इमारत गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या तथा हादसे के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने आएगी।
यह भी पढ़े- सदर बाजार को शिफ्ट करने की कोई योजना नहीं, CM रेखा गुप्ता ने व्यापारियों को दिया भरोसा








