Amarnath Yatra Accident: अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की कार शुक्रवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में पांच श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से पहलगाम के लिए रवाना हुए जत्थे के साथ अर्टिगा कार में यात्रा कर रहे थे। उधमपुर जिले के समरोली इलाके में टोल्डी नाला के पास अचानक कार चालक का नियंत्रण खो बैठा और वाहन हाईवे की दीवार से जा टकराया।
एक महिला की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही CRPF की 137वीं बटालियन, गोरखा 4/3, सिविल डिफेंस, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उधमपुर स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।अधिकारियों के अनुसार, घायल श्रद्धालुओं में सीमा गुप्ता नाम की महिला को सबसे ज्यादा चोटें आई हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, अन्य घायलों की स्थिति और दुर्घटना की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Amarnath Yatra Accident: सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
अमरनाथ यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए CRPF लगातार अहम जिम्मेदारी निभा रहा है। यात्रा मार्ग को सुरक्षित बनाए रखने के लिए NH-44 पर रोड ओपनिंग पार्टी (ROP) अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं का सफर बिना किसी रुकावट के जारी रहे।इसके अलावा, CRPF की 84वीं बटालियन ने रामबन जिले के चंदरकोट में एक मोबाइल हेल्थ कैंप भी शुरू किया है। इस कैंप में श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी 24 घंटे चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
हेल्थ कैंप में 24 घंटे इलाज की सुविधा
यह मोबाइल हेल्थ कैंप 84वीं बटालियन के कमांडेंट एन. रणबीर सिंह की निगरानी में संचालित किया जा रहा है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनंथा कृष्णन के नेतृत्व में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम एडवांस्ड लाइफ सेविंग एंबुलेंस और जरूरी जीवनरक्षक दवाओं के साथ हर समय तैनात रहती है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज दिया जा सके।
श्रद्धालुओं ने की CRPF की सराहना
देश के अलग-अलग राज्यों से अमरनाथ यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष जताया है। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए जा रहे CRPF के प्रयासों की भी सराहना की।








