Home » उत्तर प्रदेश » CM योगी से मिलने से पहले BJP नेता चंद्रमणि पांडेय हाउस अरेस्ट! पुलिस की कार्रवाई से गरमाई सियासत

CM योगी से मिलने से पहले BJP नेता चंद्रमणि पांडेय हाउस अरेस्ट! पुलिस की कार्रवाई से गरमाई सियासत

UP NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बस्ती दौरे से पहले भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य चंद्रमणि पाण्डेय को पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद कर दिया। इस कार्रवाई को लेकर उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन करने का इरादा नहीं था, बल्कि वे केवल मुख्यमंत्री से जनहित से जुड़े मनोरमा सफाई के मुद्दे पर मुलाकात करना चाहते थे।

सीएम से मिलकर सौंपना चाहते थे ज्ञापन

चंद्रमणि पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए जारी सूची में उनका नाम भी शामिल था और उन्हें स्वागत एवं प्रस्थान व्यवस्था में जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया। उनका कहना है कि वे केवल मनोरमा सफाई के संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहते थे।

UP NEWS: ‘विरोध का कोई कार्यक्रम नहीं था’

भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि उनका किसी प्रकार का धरना, प्रदर्शन या विरोध करने का कोई कार्यक्रम नहीं था। उन्होंने कहा कि बिना किसी प्रस्तावित विरोध के उन्हें नजरबंद करना पूरी तरह अनुचित है और इससे जनप्रतिनिधियों व पार्टी कार्यकर्ताओं की आवाज दबाई जा रही है।

प्रशासनिक चूक का लगाया आरोप

चंद्रमणि पाण्डेय ने कहा कि संभव है प्रशासन को यह जानकारी न हो कि वह भाजपा की जिला कार्यसमिति के सदस्य हैं, या फिर अपनी किसी बड़ी चूक को छिपाने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता भी अपने मुख्यमंत्री तक जनहित के मुद्दे नहीं पहुंचा पाएंगे तो जनता की समस्याएं कैसे सामने आएंगी।

UP NEWS: जनहित के मुद्दे उठाने की कही बात

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का दायित्व जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मनोरमा सफाई का मुद्दा उठाना उनका अधिकार था, लेकिन उन्हें ऐसा करने से पहले ही रोक दिया गया।

ये भी पढ़े… कफ सिरप खरीदने के नियम बदले! 12% से ज्यादा अल्कोहल वाली दवा पर सख्त एक्शन