Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » सहारनपुर में दिखा Yogi सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का खौफ, हाथों में तख्तियाँ लेकर थाने पहुँचे गोकशी के 47 आरोपी, बोले- ‘अब मेहनत-मजदूरी से चलाएँगे घर’

सहारनपुर में दिखा Yogi सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का खौफ, हाथों में तख्तियाँ लेकर थाने पहुँचे गोकशी के 47 आरोपी, बोले- ‘अब मेहनत-मजदूरी से चलाएँगे घर’

सहारनपुर में 47 गोकशी आरोपी थाने पहुंचे

UP News: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराध और गोकशी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का असर अब जमीनी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। सहारनपुर के चिलकाना थाने में गुरुवार शाम करीब 4 बजे गोकशी के मामलों में पहले नामजद रहे 47 आरोपी स्वयं थाने पहुंचे और भविष्य में अपराध से दूर रहने की सार्वजनिक शपथ ली। इनमें गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई झेल चुके आरोपी भी शामिल थे।

मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने का लिया संकल्प

थाने पहुंचे सभी आरोपियों के हाथों में अपराध छोड़ने, कानून का पालन करने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश लिखी तख्तियां थीं। पुलिस अधिकारियों के सामने उन्होंने अपना परिचय देते हुए कहा कि वे भविष्य में गोकशी या किसी भी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में शामिल नहीं होंगे। आरोपियों ने मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने, कानून का सम्मान करने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन बिताने की शपथ ली। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि अपराध छोड़ने की घोषणा तभी सार्थक होगी, जब उसका पालन व्यवहार में भी दिखाई दे।

UP News: पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति गोकशी या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि आसपास किसी भी प्रकार की गोकशी या अन्य अपराध की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण केवल गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई से ही संभव नहीं है, बल्कि लगातार संवाद, निगरानी और सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास भी अपराध की पुनरावृत्ति रोकने में अहम भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर सत्यापन और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

आपको बता दें कि जनपद में गोकशी और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। इसके तहत वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और अपराधियों की निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चिलकाना थाने में 47 आरोपियों द्वारा सार्वजनिक रूप से अपराध छोड़ने की शपथ इस अभियान का सकारात्मक परिणाम है। हालांकि अधिकारियों ने दोहराया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़े… ललिता गौतम हत्याकांड मामले में बिना नाम लिए चंद्रशेखर पर भड़की मायावती बोली- ‘मगरमच्छ के आंसू बहाने से न्याय नहीं मिलता’