Kolkata Crime: कोलकाता पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक सैयद मोहम्मद सलाउद्दीन उर्फ डॉलर को चोरी के मोबाइल फोन और लैपटॉप की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ढाका के मामुदपुर का रहने वाला है और खुद को आयात-निर्यात कारोबारी बताता था।
Kolkata Crime: फर्जी मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर आता था भारत-
जांच में सामने आया कि आरोपी वैध पासपोर्ट और मेडिकल वीजा के जरिए भारत आता था। हालांकि, उसके पास किसी गंभीर बीमारी का प्रमाण नहीं था। पुलिस का दावा है कि वह कथित फर्जी मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर बार-बार भारत आकर तस्करी के नेटवर्क को संचालित करता था।
Kolkata Crime: सस्ते में खरीदता था चोरी के मोबाइल और लैपटॉप-
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर में किराये का मकान लेकर ब्रोकरों और चोरी के सामान बेचने वालों के संपर्क में रहता था। वह बेहद कम कीमत पर चोरी के आईफोन, महंगे स्मार्टफोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदता था। बाद में इन सामानों को तस्करी के जरिए बांग्लादेश भेजकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
मोबाइल स्नैचिंग केस से हुआ खुलासा-
पूरे मामले का खुलासा सेंट्रल एवेन्यू में हुई मोबाइल स्नैचिंग की जांच के दौरान हुआ। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी मोहम्मद अरबाज उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी के मोबाइल उसने सलाउद्दीन उर्फ डॉलर को बेचे थे।
जाल बिछाकर आरोपी को किया गिरफ्तार-
मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने न्यू मार्केट इलाके में जाल बिछाया और चोरी के मोबाइल की नई खेप लेने पहुंचे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद हरिदेवपुर स्थित उसके किराये के मकान की तलाशी में कई मोबाइल फोन बरामद किए गए।
अंतरराष्ट्रीय गिरोह की जांच जारी-
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़े- Bank Holidays: अगले हफ्ते 4 दिन बैंक बंद, जानें कब और कहां रहेगी छुट्टी








