Datia Election: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में मचा सियासी घमासान अब शांत होता नजर आ रहा है। भाजपा प्रत्याशी के रूप में आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा के बाद दतिया में विरोध और इस्तीफों का दौर शुरू हो गया था। इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुलाकात की। बैठक के बाद भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और भावावेश में दिए गए किसी भी कार्यकर्ता के इस्तीफे स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
मिश्रा की सीएम हाउस में हुई अहम बैठक
दतिया उपचुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल के बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा शनिवार को भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की। बैठक में दतिया उपचुनाव की रणनीति, संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं के बीच बने माहौल पर विस्तार से चर्चा हुई। इससे पहले भोपाल पहुंचने पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि उन्हें किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है और वे पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं।
Datia Election: कोई इस्तीफा स्वीकार नहीं होगा-प्रदेश अध्यक्ष
बैठक के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दतिया उपचुनाव के लिए पार्टी ने आशुतोष तिवारी को अधिकृत उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने बताया कि कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा भावावेश में इस्तीफे दिए जाने की जानकारी मिली है, लेकिन संगठन ने तय किया है कि किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है और सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
हमारे संगठन ने तय किया है कि दतिया विधानसभा उप-चुनाव में सभी कार्यकर्ता अपनी भूमिका निभाएं…
– भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री @Hkhandelwal1964 जी pic.twitter.com/cTRsbe3gMH
— BJP Madhya Pradesh (@BJP4MP) July 11, 2026
टिकट को लेकर हुआ था विरोध प्रदर्शन
आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद दतिया में भाजपा के भीतर असंतोष खुलकर सामने आया था। डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने जिलाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों और पार्षदों के इस्तीफे की घोषणा की थी। विरोध के दौरान समर्थकों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और ग्वालियर-झांसी हाईवे को भी जाम कर दिया था। इस घटनाक्रम ने भाजपा नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी थी, जिसके बाद संगठन ने हालात संभालने के लिए वरिष्ठ नेताओं को सक्रिय किया।

Datia Election: नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन में चुनाव लड़ेगी भाजपा
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा भाजपा के वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन में पार्टी दतिया उपचुनाव लड़ेगी और आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का प्रयास करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटेंगे और भाजपा भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 30 जुलाई को होगा और 3 अगस्त 2026 को मतगणना के साथ चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके बाद 4 अगस्त तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने इस सीट को प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की संभावना है।








