Home » राष्ट्रीय » संबित पात्रा ने पेश किया ’10 कदम, 10 का दम’ रिपोर्ट कार्ड, बोले- पीएम मोदी के विदेशी दौरों से बढ़ी भारत की वैश्विक ताकत

संबित पात्रा ने पेश किया ’10 कदम, 10 का दम’ रिपोर्ट कार्ड, बोले- पीएम मोदी के विदेशी दौरों से बढ़ी भारत की वैश्विक ताकत

MODI SARKAR REPORT: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया विदेशी दौरों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने अपनी प्रस्तुति को “10 कदम, 10 का दम” नाम देते हुए कहा कि सेशेल्स, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्राओं के साथ-साथ जापान के शीर्ष नेतृत्व की भारत यात्रा से देश को रणनीतिक, रक्षा और आर्थिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण लाभ मिला है।

इंडो-पैसिफिक में भारत की बढ़ी भूमिका

संबित पात्रा ने कहा कि इन दौरों के जरिए भारत ने हिंद महासागर और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपनी रणनीतिक उपस्थिति मजबूत की है। उनके मुताबिक भारत आज इस क्षेत्र में स्थिरता और विश्वास कायम करने वाली प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है।

MODI SARKAR REPORT: सबांग पोर्ट और समुद्री सुरक्षा पर जोर

उन्होंने इंडोनेशिया के सबांग पोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि मलक्का जलडमरूमध्य के निकट स्थित यह बंदरगाह वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत-इंडोनेशिया सहयोग से समुद्री सुरक्षा और व्यापारिक हितों को नई मजबूती मिलेगी।

रक्षा निर्यात में आगे बढ़ रहा भारत

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारत अब केवल रक्षा उपकरणों का आयातक नहीं, बल्कि निर्यातक और रणनीतिक साझेदार बन रहा है। उन्होंने इंडोनेशिया के साथ ब्रह्मोस मिसाइल सहयोग और न्यूजीलैंड के साथ हुए रक्षा समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय नौसेना और न्यूजीलैंड डिफेंस फोर्स के बीच समुद्री सुरक्षा, प्रशिक्षण और सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं।

MODI SARKAR REPORT: ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों पर भी फोकस

पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति का उद्देश्य केवल कूटनीतिक संबंध मजबूत करना नहीं, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता और नई तकनीकों में सहयोग बढ़ाना भी है। उन्होंने दावा किया कि भारत वैश्विक मंच पर पहले से अधिक प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है।

‘राजनीतिक स्थिरता से बढ़ा दुनिया का भरोसा’

संबित पात्रा ने कहा कि वैश्विक संकटों और बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद भारत ने राजनीतिक स्थिरता और नीति निरंतरता बनाए रखी है। यही कारण है कि दुनिया का भारत पर भरोसा लगातार मजबूत हुआ है और प्रधानमंत्री मोदी के हालिया विदेशी दौरों ने इस विश्वास को और बढ़ाया है।

ये भी पढ़े… टीम इंडिया की हार पर बढ़ा दबाव! क्या कोच गंभीर और चीफ सेलेक्टर अगरकर से जवाब मांगेगी BCCI?