Jammu Kashmir Cloudburst: दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के चित्रगुल क्षेत्र के नाला छोटीहाल में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा में कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए, जबकि कृषि भूमि, सेब के बाग और धान की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
Jammu Kashmir Cloudburst: राहत और बचाव कार्य में जुटा प्रशासन-
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्रों में भेज दिया। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और राहत कार्यों के साथ आवश्यक एहतियाती कदम भी उठाए जा रहे हैं।
Jammu Kashmir Cloudburst: घरों में घुसा बाढ़ का पानी, किसानों की फसलें बर्बाद-
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाढ़ का पानी कई घरों में घुस गया, जिससे धान के खेत, सेब के बाग और अन्य कृषि भूमि को भारी नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों ने सरकार से जल्द सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
लोगों को जान बचाने के लिए छोड़ने पड़े घर-
स्थानीय निवासी मंजूर अहमद खान ने बताया कि बाढ़ के दौरान हालात इतने गंभीर हो गए थे कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़ने पड़े। उन्होंने कहा कि पानी घरों के साथ-साथ मस्जिद तक में भर गया था और किसानों की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है।
मुख्य सड़क भी क्षतिग्रस्त, आवाजाही प्रभावित-
रईस अहमद ने बताया कि शनिवार शाम बादल फटने के बाद पहाड़ों से आए तेज बहाव ने नाले का रुख बदल दिया, जिससे खेतों, बाग-बगीचों और मकानों को भारी नुकसान पहुंचा। छतपाल क्षेत्र से आए बाढ़ के पानी ने मुख्य सड़क को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे इलाके में आवाजाही प्रभावित हो गई।
प्रभावित परिवारों ने मुआवजे की मांग की-
स्थानीय लोगों ने सरकार से निष्पक्ष सर्वे कर प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा देने की मांग की है। वहीं जिला प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव टीमें तैनात हैं और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़े- बांग्लादेश में मार्शल आर्ट्स की आड़ में आतंकी नेटवर्क का खुलासा, इंस्ट्रक्टर समेत कई गिरफ्तार








