Bihar Temple Theft: बिहार के भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र स्थित पीटरो गांव के 115 साल पुराने ऐतिहासिक राम-जानकी मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की बहुमूल्य प्रतिमाएं चुराकर फरार हो गए। जाते समय चोर मंदिर में लगे CCTV कैमरों की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए।
Bihar Temple Theft: दरवाजा उखाड़कर गर्भगृह में घुसे चोर-
जानकारी के अनुसार, महंत रामसूरत सिंह शनिवार रात पूजा-अर्चना के बाद मंदिर बंद कर घर चले गए थे। रविवार तड़के जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह का दरवाजा खुला मिला। जांच में पता चला कि चोरों ने पहले कटर से दरवाजा काटने की कोशिश की और असफल होने पर लोहे की रॉड से दरवाजा उखाड़कर अंदर प्रवेश किया।
Bihar Temple Theft: पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
पहले भी बन चुका है मंदिर निशाना-
यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर में चोरी हुई हो। वर्ष 2013 में भी यहां से प्रतिमाएं चोरी हुई थीं। उस दौरान चोरी का विरोध करने पर तत्कालीन महंत शिवबचन दास की हत्या कर दी गई थी। बाद में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रतिमाएं बरामद कर ली थीं और वर्ष 2019 में उनकी दोबारा प्राण-प्रतिष्ठा कराई गई थी।
2025 में भी हुई थी चोरी की कोशिश-
ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2025 में भी चोर प्रतिमाएं चुराकर भाग रहे थे, लेकिन पास में क्रिकेट खेल रहे बच्चों की नजर पड़ने पर वे प्रतिमाएं छोड़कर फरार हो गए थे।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग-
घटना के बाद गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों ने चोरी गई प्रतिमाओं की जल्द बरामदगी, आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिर की स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
यह भी पढ़े- Nepal Protest: बेदखली के फैसले से काठमांडू में बवाल, बालेन शाह के खिलाफ सड़कों पर उतरी Gen-Z








