Congo Ebola Outbreak: डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) में इबोला वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। देश के पांच प्रांतों में अब तक इबोला के 1,873 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 672 लोगों की जान जा चुकी है। यह जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों ने अपनी ताजा रिपोर्ट में दी है।रविवार को जारी रिपोर्ट में शुक्रवार तक के आंकड़े शामिल किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इटुरी, नॉर्थ किवू, साउथ किवू, हाउत-उएले और शोपो (त्शोपो) प्रांतों में संक्रमण सबसे अधिक फैल चुका है। हाउत-उएले और शोपो को पहली बार राष्ट्रीय स्थिति रिपोर्ट में शामिल किया गया है।
लोगों की आवाजाही से फैला संक्रमण
जांच में पता चला है कि हाउत-उएले और शोपो में मिले इबोला के मामले इटुरी प्रांत में मौजूद संक्रमण के मुख्य केंद्र से जुड़े हैं। अधिकारियों के अनुसार, लोगों की आवाजाही और संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने से वायरस इन इलाकों तक पहुंचा।रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल 763 मरीज आइसोलेशन सेंटर या अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। उपचार केंद्रों में उपलब्ध बेड का 95.1 प्रतिशत हिस्सा भर चुका है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।अब तक 306 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वहीं, 299 संदिग्ध मामले भी दर्ज किए गए हैं, जिनमें 91 लोगों की मौत हो चुकी है।
15 मई को हुई थी प्रकोप की घोषणा
बुंडिबुग्यो इबोला वायरस से फैले इस प्रकोप की आधिकारिक घोषणा 15 मई को की गई थी। इसके बाद से लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है।इससे पहले शनिवार को अफ्रीका सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (अफ्रीका सीडीसी) ने बताया कि डीआरसी में इबोला नियंत्रण अभियान में मदद कर रहा एक अमेरिकी मानवीय सहायता कर्मी भी संक्रमित पाया गया है। इस घटना के बाद स्वास्थ्यकर्मियों और राहत कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

संक्रमण रोकने के लिए जारी अभियान
अफ्रीका सीडीसी के अनुसार, स्वास्थ्यकर्मी, मानवीय सहायता कर्मी, स्वयंसेवक और अन्य फील्ड कर्मचारी बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। उनकी टीम संक्रमित लोगों की पहचान करने, मरीजों का इलाज करने और प्रभावित समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी है, ताकि संक्रमण की श्रृंखला को रोका जा सके।
संक्रमण के कारण की जांच जारी
संस्था ने बताया कि अमेरिकी सहायता कर्मी के संक्रमित मिलने के बाद महामारी विज्ञान संबंधी जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान (कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग) और संक्रमण के खतरे का आकलन किया जा रहा है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह कैसे संक्रमित हुआ। इसकी जांच जारी है।
112 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित, 35 की मौत
अफ्रीकी संघ की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, डीआरसी में बुंडिबुग्यो इबोला वायरस के कारण अब तक कम से कम 112 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 35 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो चुकी है। यह स्थिति महामारी से लड़ रहे फ्रंटलाइन कर्मचारियों के सामने मौजूद गंभीर खतरे को दिखाती है।








