Badrinath Temple: बद्रीनाथ मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के निलंबित पर्सनल असिस्टेंट प्रमोद नौटियाल को सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय, गोपेश्वर में पेश किया गया। मामले की जांच कर रही चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कोर्ट से आरोपी की पुलिस रिमांड मांगी है, ताकि मनी ट्रेल और संभावित अन्य आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा सके।
देहरादून से गिरफ्तारी, कई घंटे चली पूछताछ
SIT ने 12 जुलाई की रात देहरादून के नेहरू कॉलोनी स्थित प्रमोद नौटियाल के आवास से उन्हें गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें चमोली लाकर बद्रीनाथ थाने में पूछताछ की गई। इस दौरान मंदिर समिति के चार कर्मचारियों से भी बयान लिए गए। पूछताछ में जब उनसे BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की कथित संलिप्तता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सिर हिलाकर इनकार किया।
Badrinath Temple: CCTV फुटेज बनी जांच का अहम आधार
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को दर्ज एफआईआर के बाद SIT ने CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच में प्रमोद नौटियाल कथित रूप से कई बार मोबाइल के नीचे और जेब में मंदिर की धनराशि तथा अन्य भेंट सामग्री ले जाते दिखाई दिए। पुलिस का दावा है कि उन्होंने ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर का पैकेट भी अपने कब्जे में लिया।
Badrinath Temple: शालिग्राम शिला और लैपटॉप बरामद, आरोपी ने आरोप नकारे
SIT ने आरोपी के पास से एक शालिग्राम शिला और BKTC का आधिकारिक लैपटॉप बरामद किया है। हालांकि, प्रमोद नौटियाल ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि CCTV में मोबाइल के नीचे दिखाई देने वाली वस्तु नोटों की गड्डी नहीं, बल्कि उनकी नोटबुक थी। पुलिस का कहना है कि अब तक आरोपी के पास से कोई नकदी बरामद नहीं हुई है और उन्होंने तकनीकी साक्ष्यों को भी स्वीकार नहीं किया है।
40 दिन की CCTV रिकॉर्डिंग खंगालेगी SIT
जांच एजेंसी अब मंदिर परिसर में लगे 32 CCTV कैमरों की करीब 40 दिन की रिकॉर्डिंग की जांच करेगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या पहले भी इस तरह की कोई अनियमितता हुई थी। मामले में गणना कक्ष में मौजूद कर्मचारियों और नियमित रूप से चढ़ावा गणना में शामिल साधु-संतों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका
गिरफ्तारी से पहले प्रमोद नौटियाल ने नैनीताल हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी, जिस पर 16 जुलाई को सुनवाई प्रस्तावित है। गिरफ्तारी के समय सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों के साथ जाने के बाद परिवार ने देहरादून में अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत भी दर्ज कराई थी। बाद में चमोली पुलिस ने उनकी हिरासत की पुष्टि की।
मामले के बाद बदली गई चढ़ावा गणना व्यवस्था
विवाद सामने आने के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति ने चढ़ावा गणना की पूरी प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब कर्मचारियों को बिना जेब वाली ड्रेस पहननी होगी, निजी सामान ले जाने पर रोक रहेगी, CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है और गणना प्रक्रिया के दौरान कम से कम पांच कर्मचारियों की मौजूदगी अनिवार्य की गई है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति भी गठित की गई है, जिसे 15 दिन में रिपोर्ट सौंपनी है।
यह भी पढे़ : पंजाब कांग्रेस में फिर बढ़ी कलह, चुनाव से पहले संगठन पर घमासान; हाईकमान के सामने नई चुनौती








