Home » अंतर्राष्ट्रीय » होर्मुज में UAE के दो टैंकरों पर मिसाइल हमला, भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत, 8 घायल

होर्मुज में UAE के दो टैंकरों पर मिसाइल हमला, भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत, 8 घायल

होर्मुज में यूएई टैंकर पर हमला, भारतीय की मौत

Hormuz Strait Attack: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास यूएई के झंडे वाले दो तेल टैंकरों पर ईरानी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया। इस हमले में चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है।

ओमान के जलक्षेत्र में हुआ हमला

रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि ओमान के जलक्षेत्र में होर्मुज जलडमरूमध्य की दक्षिणी लेन से गुजर रहे मोम्बासा और बाहिया नामक टैंकरों को निशाना बनाया गया।मंत्रालय के मुताबिक, हमले में घायल हुए आठ लोगों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। बयान में कहा गया कि टैंकर मोम्बासा के चालक दल के एक भारतीय सदस्य की जान चली गई। वहीं, आठ अन्य लोग घायल हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है।

दोनों जहाजों में लगी आग

मिसाइल हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई थी। हालांकि, बाद में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।यूएई सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे गंभीर घटना और अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन बताया। सरकार ने कहा कि इस तरह का हमला क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए बड़ा खतरा है।

Hormuz Strait Attack: होर्मुज में यूएई टैंकर पर हमला, भारतीय की मौत
होर्मुज में यूएई टैंकर पर हमला, भारतीय की मौत
जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित

यूएई ने साफ कहा है कि वह इस हमले का जवाब देने का पूरा अधिकार रखता है। सरकार ने कहा कि देश अपनी संप्रभुता, नागरिकों, निवासियों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा। रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि यूएई के सशस्त्र बल हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

ईरान ने पहले दी थी चेतावनी

यूएई का यह बयान ईरान के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उसने कहा था कि उसके रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों पर चेतावनी के तौर पर फायरिंग की थी।ईरान के सरकारी टेलीविजन की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों जहाज कथित तौर पर रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य से अवैध रूप से गुजर रहे थे। इसी वजह से रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना ने चेतावनी स्वरूप गोलियां चलाईं और जहाजों को रोकने की कार्रवाई की थी।

यह भी पढे़ : दिल्ली की महिलाओं को कब मिलेंगे ₹2500? जानें पात्रता और सभी नियम