Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला समेत तीन मुस्लिम महिलाओं के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गुरुवार को नशे की हालत में एक युवक उनके घर में घुस आया और महिलाओं के साथ गाली-गलौज व मारपीट की।
गर्भवती महिला पर हमले का आरोप
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपी युवक जहीद तुर्कसुल्ला कथित तौर पर घर में घुसा और महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोप है कि उसने गर्भवती महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और विरोध करने पर लाठी से उसके पेट पर वार कर दिया। परिजनों का कहना है कि इससे गर्भ में पल रहे शिशु की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Mathura News: गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मिली जमानत
घटना की सूचना मिलने पर नौहझील पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया। हालांकि, बाद में आरोपी को जमानत मिल गई।
Mathura News: पीड़ित परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
‘खबर इंडिया’ से बातचीत में गर्भवती महिला के पति दिलशाद ने आरोप लगाया कि उन्हें अब तक पुलिस से अपेक्षित न्यायिक सहयोग नहीं मिला है। उनका कहना है कि आरोपी पक्ष उन पर समझौते और दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी मोहल्ले में ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है, लेकिन प्रभाव के चलते हर बार बच निकलता है।पीड़ित पक्ष ने यह भी दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें बार-बार फोन न करने की चेतावनी दी।
नौहझील पुलिस का पक्ष
इस मामले में नौहझील थाने के स्पेशल सब-इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उसे जमानत मिल गई। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी जिम्मेदारी है।
बाद में पुलिस की ओर से दोबारा संपर्क कर यह भी स्पष्ट किया गया कि पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार पुलिस ने किसी प्रकार की धमकी नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़ : सोनम वांगचुक को लेकर कांग्रेस का हमला, वेणुगोपाल बोले-धर्मेंद्र प्रधान के बजाय उन्हें हटा दिया








