Home » बिहार » सारण में बारातियों से भरी बस पलटी, एक की मौत; कई घायल, चालक के नियंत्रण खोने से हुआ हादसा

सारण में बारातियों से भरी बस पलटी, एक की मौत; कई घायल, चालक के नियंत्रण खोने से हुआ हादसा

सारण बस हादसा, एक की मौत, कई घायल

Bihar Road Accident: बिहार के सारण जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तरैया थाना क्षेत्र के गंडार गांव के पास बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि 5 से 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

स्पीड ब्रेकर पर चालक का नियंत्रण बिगड़ा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस वैशाली जिले के लालगंज से बारात लेकर जगदीशपुर जा रही थी। रास्ते में सारण जिले के तरैया प्रखंड के गंडार गांव के पास स्पीड ब्रेकर पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क किनारे एक सूखे पेड़ और बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

Bihar Road Accident: बस के नीचे दबने से बाराती की मौत

ग्रामीणों ने बस के पिछले हिस्से का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। इस दौरान एक बाराती बस के नीचे दबा मिला। उसे जेसीबी मशीन की सहायता से बाहर निकाला गया और तुरंत तरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान वैशाली जिले के बिशनपुर अर्रा गैरोल निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद असगर के रूप में हुई है। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच, घायलों को किया रेफर

घटना की सूचना मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Written by: Rashmi Sharma

ये भी पढ़ें…अमेरिका-ईरान तनाव के बीच जॉर्डन में अलर्ट, अमेरिकी दूतावास ने जारी की एडवाइजरी