Kanpur Toll: कानपुर-लखनऊ हाईवे (एनएच-27) पर एनएचएआई लखनऊ यूनिट ने 30 रुपये तक टोल बढ़ा दिया है। हालांकि, अभी लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को शुरू हुए एक सप्ताह ही हुआ है। आइए इसकी रेट लिस्ट पर नजर डालें।
कब से होगा लागू?
यह सोमवार रात 12 बजे से लागू हो जाएगा। वहीं, एनएचएआई द्वारा टोल बढ़ाने पर अब तक पहली बार एक वित्तीय वर्ष में दोबारा टोल बढ़ने का रिकॉर्ड बन गया है। कानपुर-लखनऊ हाईवे का टोल बढ़ाया जाएगा, इसकी खबर दैनिक जागरण ने 16 जुलाई के अंक में छापकर पाठकों को जानकारी दी थी।
क्यों बढ़ाया गया टोल?
टोल वृद्धि के पीछे पीडी ने तर्क दिया है कि लखनऊ से बनी तक लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सफर फ्री है। वाहन सवार आराम से इस 18 किमी मार्ग का सफर मुफ्त में कर रहे हैं, लेकिन बनी पहुंचते ही सर्विस रोड से कानपुर-लखनऊ हाईवे पर आ जाते हैं।
पास की दर में भी 10 रुपये की वृद्धि
चालू वित्तीय वर्ष में मासिक पास की दरों में न्यूनतम 80 रुपये तो अधिकतम 520 रुपये की बढ़ोतरी वाहन के आकार के अनुसार की गई है। इसमें भी 10 रुपये टोल शुल्क जोड़ देने से अब यह न्यूनतम 90 रुपये व अधिकतम 560 रुपये हो गया है।
Written By – Anushka








