Delhi Kidnapping Case: दिल्ली पुलिस ने तकनीक और सूझबूझ की मदद से 13 वर्षीय बच्चे का अपहरण होने के महज तीन घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी ने बच्चे की मां से 40 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी। हालांकि, 5,000 रुपये के एक UPI ट्रांजैक्शन ने पुलिस को ऐसा सुराग दिया कि टीम आरोपी तक पहुंच गई और उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
Delhi Kidnapping Case: बच्चे के अपहरण के बाद मां से मांगी 40 हजार की फिरौती
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को दिल्ली के ज्योति नगर थाने में एक महिला ने अपने 13 वर्षीय बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसका बेटा कुछ सामान लेने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसी बीच एक अनजान व्यक्ति ने महिला को फोन कर बच्चे को छोड़ने के बदले 40 हजार रुपये की फिरौती मांगी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान आरोपी ने दोबारा महिला से संपर्क किया और फिरौती की रकम UPI के जरिए भेजने को कहा। इसके लिए उसने एक QR कोड भी साझा किया।
Delhi Kidnapping Case: 5 हजार रुपये के ट्रांजैक्शन से पुलिस को मिला सुराग
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने एक योजना बनाई। एक पुलिसकर्मी के खाते से आरोपी द्वारा साझा किए गए QR कोड पर 5,000 रुपये ट्रांसफर किए गए, ताकि ट्रांजैक्शन का डिजिटल ट्रेल हासिल किया जा सके। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस करावल नगर स्थित एक साइबर कैफे तक पहुंची। वहां के संचालक ने बताया कि एक व्यक्ति नाबालिग लड़के के साथ कैफे आया था। उसने कैफे के UPI QR कोड के जरिए 5,000 रुपये मंगवाए थे और बदले में संचालक को 50 रुपये कमीशन देने की बात कही थी।
CCTV फुटेज में मां ने पहचाना अपना बेटा
इसके बाद पुलिस ने साइबर कैफे में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखाई दे रहे बच्चे की पहचान उसकी मां ने अपने लापता बेटे के रूप में की। इससे पुलिस को पता चला कि आरोपी बच्चे को अपने साथ लेकर घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए दोबारा उसी QR कोड पर 5,000 रुपये भेजने की बात कही, ताकि वह पैसे लेने के लिए फिर से कैफे पहुंचे। पुलिस की यह योजना काम कर गई। कुछ ही देर बाद आरोपी बच्चे को लेकर साइबर कैफे पहुंचा और रकम नकद लेने की कोशिश करने लगा। पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने कैफे संचालक की मदद से उसे पकड़ लिया और बच्चे को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
कौन है बच्चे का अपहरण करने वाला आरोपी?
पूछताछ में आरोपी की पहचान आकाश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह सदर बाजार में डिलीवरी हेल्पर का काम करता है और अपने एक रिश्तेदार के जरिए पीड़ित बच्चे को जानता था। आरोपी ने बच्चे को अपने स्कूटर पर बैठाया और बहाने से अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने बच्चे की मां से 40 हजार रुपये की फिरौती मांगी।
आरोपी के पास से नकदी, मोबाइल और स्कूटर बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5,000 रुपये नकद, फिरौती मांगने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और अपहरण में इस्तेमाल किया गया स्कूटर बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि साइबर कैफे संचालक को ट्रांजैक्शन के बदले 50 रुपये कमीशन दिया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिलहाल बच्चे को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में आरोपी अकेला शामिल था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी था।
यह भी पढ़े- जर्मनी में महंगाई और सरकारी कटौती के खिलाफ प्रदर्शन, कई शहरों में हिंसा और लूटपाट








