Home » राजनीति » राहुल गांधी का पीएम आवास के पास प्रदर्शन, कई कांग्रेस नेता हिरासत में; केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पहुंचे मिलने

राहुल गांधी का पीएम आवास के पास प्रदर्शन, कई कांग्रेस नेता हिरासत में; केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पहुंचे मिलने

Rahul Gandhi Protest:

Rahul Gandhi Protest: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास के निकट प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

Rahul Gandhi Protest: राहुल गांधी से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह-

प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पीएम आवास के पास धरने पर बैठे राहुल गांधी से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई। हालांकि, बातचीत में क्या चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Rahul Gandhi Protest: कन्हैया कुमार, चन्नी और के. सुरेश समेत कई नेता हिरासत में-

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने नारेबाजी कर रहे कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं में कन्हैया कुमार, चरणजीत सिंह चन्नी, के. सुरेश समेत कई अन्य कांग्रेस नेता शामिल हैं।

राहुल गांधी बोले- सरकार जवाबदेही से बच रही-

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वे छात्रों के खिलाफ हुई कथित बर्बरता का जवाब मांगने प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालकर पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार न तो जवाबदेही लेना चाहती है और न ही इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराना चाहती है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से इस्तीफे की भी मांग की।

चरणजीत सिंह चन्नी ने सरकार पर साधा निशाना-

हिरासत में लिए जाने के बाद पंजाब कांग्रेस अभियान समिति के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज नहीं सुन रही है। वहीं कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि यदि सांसदों के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है तो छात्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

के. सुरेश बोले- हमें बेरहमी से हिरासत में लिया गया-

कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे नेताओं को बेरहमी से हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि छात्र मुद्दे पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की चुप्पी चिंताजनक है।

जयराम रमेश ने संसद में चर्चा की मांग दोहराई-

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि विपक्ष लगातार मांग कर रहा है कि गृह मंत्री संसद में इस पूरे मामले पर बयान दें और चर्चा कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है और सरकार इस पर जवाब देने से बच रही है। साथ ही उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई

यह भी पढ़े- यूपी में खुलेंगे 8 नए मेडिकल कॉलेज, 2-3 महीने में पूरा होगा काम; ब्रजेश पाठक का बड़ा ऐलान