US Iran Conflict: अमेरिका ने बुधवार शाम करीब 5:30 बजे ईरान के सैन्य ठिकानों पर एक बार फिर हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि इस अभियान का मकसद ईरान की उन क्षमताओं को कमजोर करना है, जिनसे वह आम नाविकों और क्षेत्र में चल रहे व्यावसायिक जहाजों के लिए खतरा पैदा कर सकता है।
ट्रंप ने दी सख्त चेतावनी
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इससे पहले बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान होर्मुज स्ट्रेट में किसी भी जहाज पर मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी अन्य हथियार से हमला करता है, तो अमेरिका जवाब में ईरान के महत्वपूर्ण पुलों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाएगा।ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ऐसे किसी भी हमले की स्थिति में अमेरिका बमबारी करेगा और तेहरान के पास या राजधानी में मौजूद पावर प्लांट सहित अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को नष्ट कर देगा।
ईरान ने दी जवाबी धमकी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के मुख्य सैन्य कमांड खतम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि यदि ईरान के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला किया गया, तो वह पश्चिम एशिया से होने वाले सभी तेल निर्यात को रोक देगा।ईरान ने यह भी कहा कि वह पूरे क्षेत्र में तेल, गैस, बिजली और आर्थिक ढांचे से जुड़े अहम ठिकानों को निशाना बना सकता है।
अमेरिकी जनता क्या सोचती है?
ईरान का कहना है कि अमेरिका की लगातार मिल रही धमकियां इस संघर्ष को सिर्फ दोनों देशों तक सीमित नहीं रखेंगी, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र और अन्य देशों तक तनाव फैल सकता है।पिछले सप्ताह जारी द वाशिंगटन पोस्ट-इप्सोस के सर्वेक्षण के अनुसार, 68 फीसदी अमेरिकी वयस्कों का मानना है कि ईरान के साथ युद्ध नहीं होना चाहिए। वहीं, 28 फीसदी लोगों ने इस युद्ध को उचित बताया।
देर रात फिर बढ़ा तनाव
मंगलवार देर रात भी अमेरिका ने ईरान पर कई हवाई हमले किए थे। इसके बाद तेहरान के आसमान में ईरान की वायु रक्षा प्रणालियां सक्रिय हो गईं।जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इजरायल सीमा के पास स्थित जॉर्डन के एक शहर पर मिसाइल हमला किया। इस घटना के बाद बहरीन और सऊदी अरब में भी सुरक्षा को लेकर चेतावनी जारी कर दी गई।
यह भी पढ़े…90 की उम्र में सपा विधायक आलमबदी आजमी का निधन, 5 बार बने विधायक, जनसेवा से बनाई अलग पहचान







