Home » Breaking News » NEET पर नितिन नवीन की विपक्ष को खुली चुनौती, बोले- सदन में आइए, हर सवाल का जवाब देंगे

NEET पर नितिन नवीन की विपक्ष को खुली चुनौती, बोले- सदन में आइए, हर सवाल का जवाब देंगे

PARLIAMENT NEWS: NEET पेपर लीक विवाद को लेकर संसद और सियासत दोनों में घमासान जारी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार NEET सहित युवाओं से जुड़े हर मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष जानबूझकर बहस से बच रहा है।

‘संसद में आइए, हर सवाल का जवाब देंगे’

संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि सरकार हर स्तर पर छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में छात्रों के हितों को लेकर गंभीर है, तो संसद में चर्चा करे। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को डर है कि बहस के दौरान उसका दोहरा चरित्र देश के सामने उजागर हो जाएगा।

PARLIAMENT NEWS: राहुल गांधी पर साधा निशाना

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का दशकों पुराना इतिहास युवाओं को गुमराह करने और उनके मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल करने का रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार युवाओं को अवसर, शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार आज का युवा स्टार्टअप, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा रहा है, जबकि विपक्ष केवल नकारात्मक राजनीति कर रहा है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट के फैसले का किया समर्थन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की घोषणा का स्वागत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिले और भविष्य में कोई भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जो संकल्प लेते हैं, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा भी करते हैं।

PARLIAMENT NEWS: भाजपा सांसदों ने भी दोहराया सरकार का पक्ष

भाजपा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है और पेपर लीक के एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सांसद मयंकभाई नायक ने कहा कि विशेष अदालतों के माध्यम से दोषियों को ऐसी सजा दी जाएगी, जिससे भविष्य में कोई भी परीक्षा प्रणाली से छेड़छाड़ करने का साहस न कर सके। दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ सरकार न्याय सुनिश्चित करेगी, जबकि दामोदर अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इसी कारण कठोर कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

विपक्ष पर चर्चा से बचने का आरोप

दामोदर अग्रवाल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद नियमों और प्रक्रियाओं से चलती है। यदि किसी मुद्दे पर चर्चा करनी है तो नियमानुसार नोटिस देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हंगामा तो करना चाहता है, लेकिन संसदीय चर्चा से बच रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार NEET समेत हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

ये भी पढ़े… पेपर लीक मामले में राहुल गांधी को क्यों घेर रही AAP पार्टी?