Bigg Boss 20: सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर आज रात होने वाला है। शो के शुरू होने से पहले ही इसके प्रोमो दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं। सामने आए एक प्रोमो में भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी नेता मनोज तिवारी नजर आए। हालांकि, इस बार मनोज खुद कंटेस्टेंट बनकर शो में नहीं पहुंचे हैं, बल्कि अपनी बेटी रीति तिवारी को बिग बॉस के घर में छोड़ने के लिए पहुंचे हैं।
Bigg Boss 20: बेटी को बिग बॉस में छोड़ने पहुंचे मनोज तिवारी
प्रोमो की शुरुआत मनोज तिवारी के गाना गाते हुए स्टेज पर पहुंचने से होती है। मंच पर आते ही सलमान खान उन्हें दोबारा बिग बॉस का हिस्सा बनने को लेकर मजाक में छेड़ते हैं। इस पर मनोज बताते हैं कि वह इस बार खुद शो में शामिल होने नहीं आए हैं, बल्कि अपनी बेटी रीति तिवारी को बिग बॉस के घर में छोड़ने आए हैं।इसके बाद रीति तिवारी स्टेज पर आती हैं और अपनी परफॉर्मेंस देती हैं। सलमान खान उनसे घर के अंदर होने वाले झगड़ों को लेकर मजाकिया अंदाज में बात करते हैं। वह रीति को सलाह देते हैं कि वह अंडों को लेकर किसी से लड़ाई न करें। इसके बाद सलमान कहते हैं, “ऐ बाप पे मत जाना।” सलमान का यह डायलॉग मनोज तिवारी और डॉली बिंद्रा के पुराने विवाद की याद दिलाता है।
#BiggBoss20 pic.twitter.com/32p1wO6dp7
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) September 4, 2026
अंडों को लेकर मनोज और डॉली में हुई थी बहस
रीति तिवारी की बिग बॉस में एंट्री के साथ ही मनोज तिवारी की करीब 16 साल पुरानी बिग बॉस जर्नी भी चर्चा में आ गई है। मनोज तिवारी ने साल 2010 में ‘बिग बॉस सीजन 4’ में हिस्सा लिया था। इस सीजन में श्वेता तिवारी, खली, डॉली बिंद्रा और मनोज तिवारी जैसे कई चर्चित चेहरे नजर आए थे। सीजन की विजेता श्वेता तिवारी बनी थीं।

मनोज तिवारी और डॉली बिंद्रा के बीच हुआ विवाद आज भी बिग बॉस के चर्चित किस्सों में गिना जाता है। दोनों के बीच अंडों को लेकर बहस हुई थी। दरअसल, मनोज तिवारी नाश्ते में ऑमलेट बनाना चाहते थे, जबकि डॉली बिंद्रा का कहना था कि पहले घर में बचा हुआ खाना खत्म किया जाना चाहिए।इसी बात को लेकर हुई बहस के दौरान मनोज तिवारी ने कहा था, “किचन किसी के बाप का नहीं है।” इसके जवाब में डॉली बिंद्रा ने कहा था, “बाप पे बोलना नहीं।” दोनों के बीच हुई यह बहस उस समय काफी चर्चा में रही थी। बाद में इस विवाद के डायलॉग सोशल मीडिया पर मीम्स का हिस्सा भी बन गए।
Bigg Boss 20: निरहुआ भी प्रोमो में आए नजर
‘बिग बॉस 20’ का एक और प्रोमो सामने आया है, जिसमें भोजपुरी अभिनेता और गायक दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ दिखाई दे रहे हैं। प्रोमो में निरहुआ रिक्शे पर बैठकर शो के सेट पर पहुंचते हैं। इस दौरान बैकग्राउंड में उनका मशहूर गाना ‘निरहुआ रिक्शावाला’ सुनाई देता है। सलमान खान उनका स्वागत करते हुए कहते हैं, “स्वागत है, आवा आवा निरहुआ।”
इसके बाद सलमान खान निरहुआ के साथ मजाक करते हुए कहते हैं, “आपने सिर्फ दो फेर लिए हैं, इस वजह से लगता है कि आप साथ ले के जाओगे यहां से।” इसके बाद निरहुआ सलमान को दोबारा बिग बॉस के घर में मौका देने के लिए धन्यवाद देते हैं।हालांकि, सलमान उनकी बात बीच में ही रोक देते हैं और कहते हैं, “शुक्रिया सर, लेकिन वो थोड़ी सी गलतफहमी हो गई है, आप सिर्फ यहीं तक हैं।” सलमान की बात सुनकर निरहुआ हैरान हो जाते हैं और कहते हैं, “सर, ये लोग तो बोले थे तथा-टू हैं।” उनकी बात सुनकर सलमान खान हंस पड़ते हैं।

आम्रपाली दुबे की एंट्री को लेकर बढ़ी चर्चा
निरहुआ के इस प्रोमो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर आम्रपाली दुबे के बिग बॉस 20 में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि निरहुआ आम्रपाली दुबे को शो में एंट्री दिलाने के लिए पहुंचे हैं। हालांकि, शो में कौन-कौन से चेहरे बतौर कंटेस्टेंट नजर आएंगे, इसका पूरा खुलासा प्रीमियर के दौरान ही होगा।

Bigg Boss 20: बिग बॉस के अब तक के विजेता
बिग बॉस के पहले सीजन के विजेता राहुल रॉय रहे थे, जिन्होंने 2006-07 में यह खिताब जीता था। इसके बाद 2008 में सीजन 2 की ट्रॉफी आशुतोष कौशिक ने अपने नाम की। साल 2009 में सीजन 3 के विजेता बिंदू दारा सिंह बने।सीजन 4 में श्वेता तिवारी ने 2010-11 में जीत हासिल की। इसके बाद सीजन 5 में 2011-12 के दौरान जूही परमार विजेता बनीं। सीजन 6 की ट्रॉफी 2012-13 में उर्वशी ढोलकिया ने जीती।
साल 2013 में सीजन 7 की विजेता गौहर खान बनीं। इसके बाद सीजन 8 में 2014-15 के दौरान गौतम गुलाटी ने जीत हासिल की। सीजन 9 की ट्रॉफी 2015-16 में प्रिंस नरूला ने अपने नाम की।सीजन 10 में मनवीर गुर्जर 2016-17 के विजेता बने। सीजन 11 में 2017-18 के दौरान शिल्पा शिंदे ने जीत हासिल की। सीजन 12 की विजेता 2018 में दीपिका कक्कड़ रहीं। इसके बाद सीजन 13 में 2019-20 के दौरान सिद्धार्थ शुक्ला विजेता बने।
सीजन 14 की ट्रॉफी 2020-21 में रुबीना दिलैक ने जीती। सीजन 15 में 2021-22 के दौरान तेजस्वी प्रकाश विजेता बनीं। सीजन 16 की ट्रॉफी 2022-23 में एमसी स्टेन ने अपने नाम की। इसके बाद सीजन 17 में 2023-24 के दौरान मुनव्वर फारूकी विजेता बने।सीजन 18 की ट्रॉफी 2024-25 में करण वीर मेहरा ने जीती, जबकि सीजन 19 में 2025 के दौरान गौतम खन्ना विजेता रहे।
बिग बॉस 20 में कौन-कौन हो सकता है शामिल?
‘बिग बॉस 20’ में इस बार कौन-कौन कंटेस्टेंट के रूप में नजर आएगा, इसका खुलासा आज रात शो के प्रीमियर के साथ होगा। हालांकि, इससे पहले सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स में कई नामों की चर्चा हो रही है। इनमें माही विज, कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू, अरिश्फा खान, कनिका मान, ईशा रिखी और काजी तौकीर के नाम शामिल हैं।इनके अलावा मैरी कॉम, आम्रपाली दुबे, अमन गांधी, आसिफ खान, रोहेद खान, फैसल खान, युंग डीएसए और स्काउट के नाम भी संभावित कंटेस्टेंट्स के तौर पर चर्चा में हैं। वहीं रिह्या अहीर और लव गिल में से केवल एक को जनता के वोटों के आधार पर बिग बॉस के मुख्य घर में एंट्री मिलने की बात कही जा रही है।
Bigg Boss 20: बिग बॉस की मेजबानी कर चुके हैं ये सितारे
बिग बॉस के अलग-अलग सीजन को कई बड़े सितारे होस्ट कर चुके हैं। साल 2006 में प्रसारित हुए पहले सीजन की मेजबानी अरशद वारसी ने की थी। इसके बाद 2008 में शिल्पा शेट्टी ने दूसरे सीजन को होस्ट किया। यह पहला सीजन था, जिसका प्रसारण कलर्स टीवी पर हुआ था।साल 2009 में बिग बॉस के तीसरे सीजन की कमान अमिताभ बच्चन ने संभाली थी। इसके बाद 2010 में शुरू हुए चौथे सीजन से सलमान खान शो के मुख्य होस्ट बने और तब से वह लगातार बिग बॉस से जुड़े हुए हैं।साल 2011 में सलमान खान के साथ संजय दत्त पांचवें सीजन में को-होस्ट के रूप में नजर आए थे। वहीं 2015 में फराह खान ने ‘बिग बॉस 8: हल्ला बोल’ स्पिन-ऑफ की मेजबानी की थी।इसके बाद 2021 में करण जौहर ने वूट पर प्रसारित हुए ‘बिग बॉस ओटीटी’ के पहले सीजन को होस्ट किया। बिग बॉस ओटीटी के दूसरे सीजन की मेजबानी सलमान खान ने की थी। वहीं 2024 में अनिल कपूर ने जियोसिनेमा पर प्रसारित हुए ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ की मेजबानी की।








