NEET Paper: देशभर में पेपर लीक के मामलों को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है। दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक छात्र आंदोलन जारी है, जिसमें विपक्षी दल भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। खासकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी लगातार केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साध रही हैं। राजनीतिक जानकार इसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों से जोड़कर देख रहे हैं।
सीएम योगी बोले- प्रतिभा के साथ होगा न्याय
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का बड़ा फैसला लिया है। इस घोषणा का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत करते हुए इसे युवाओं के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक जैसे अपराधों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का निर्णय नए भारत की निर्णायक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे प्रतिभाशाली युवाओं को न्याय मिलेगा, मेहनत का सम्मान होगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को कानून के तहत शीघ्र, कठोर और निर्णायक सजा मिलेगी। सीएम योगी ने कहा कि नए भारत में युवाओं का हित सर्वोपरि है और सरकार उनकी मेहनत व भविष्य की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
NEET Paper: विपक्ष पर साधा निशाना
गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान प्रदेश के छात्र-युवाओं के सामने पहचान और रोजगार का संकट था। उनके अनुसार, उस समय युवाओं के लिए रोजगार की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई और उन्हें बेरोजगारी की ओर धकेला गया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम किया है।
गौरतलब है कि दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच पेपर लीक का मुद्दा अब राजनीतिक रंग ले चुका है। विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है, जबकि सरकार इसे युवाओं के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा विषय बताते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिला रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट की घोषणा और मुख्यमंत्री योगी के समर्थन के बाद पेपर लीक के मुद्दे पर सियासी बहस और तेज होने के आसार हैं।
ये भी पढ़े… ‘PM मोदी जिम्मेदार नहीं…’ पेपर लीक विवाद के बीच NEET परीक्षा के सफल छात्रों ने किया सरकार का समर्थन








