Home » Breaking News » बिहार बंद में हिरासत में लिए गए तेज प्रताप यादव, बोले- छात्रों और युवाओं की लड़ाई में हमेशा साथ हूं

बिहार बंद में हिरासत में लिए गए तेज प्रताप यादव, बोले- छात्रों और युवाओं की लड़ाई में हमेशा साथ हूं

CJP PROTEST BIHAR: नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को आयोजित बिहार बंद के दौरान जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे तेज प्रताप ने कहा कि वह छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़े हैं।

‘छात्रों के लिए मरने को भी तैयार हूं’

हिरासत में लिए जाने से पहले तेज प्रताप यादव ने कहा, “मैं स्टूडेंट्स और युवाओं के साथ खड़ा हूं। उनके लिए मरने को भी तैयार हूं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

CJP PROTEST BIHAR: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई

मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र पेपर लीक से आक्रोशित हैं और सरकार को अब उनकी मांगों के सामने झुक जाना चाहिए।

‘सरकार छात्रों को पिटवा रही है’

तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया और अब बिहार में भी आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह छात्रों और युवाओं के समर्थन में ही प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

CJP PROTEST BIHAR: बिहार बंद के दौरान कई जगह प्रदर्शन

नीट पेपर लीक मामले को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा शनिवार को बिहार बंद बुलाया गया। पटना सहित कई जिलों में प्रदर्शन हुए। राजधानी पटना में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई तथा हालात नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया। इसी दौरान गांधी मैदान स्थित रामगुलाम चौक से तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया।

ये भी पढ़े… धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी बिहार में NEET पेपर लीक के विरोध में बवाल, छपरा में पुलिस वाहन फूंके