France Wildfires: फ्रांस और स्पेन में लगी जंगल की आग शनिवार को और भी भयावह हो गई। हालात इतने खराब हो गए कि रविवार तक हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी। आग तेजी से फैलने के कारण 3 लाख से ज्यादा लोगों को अपने घर, होटल और छुट्टियां बिताने के लिए ठहरे अन्य स्थान खाली कर सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा।इन भीषण आग की घटनाओं में कई घर पूरी तरह जल गए हैं और बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए हैं। फ्रांस में इसे शांति काल के दौरान हुए सबसे बड़े नागरिक निकासी अभियानों में से एक माना जा रहा है। दोनों देशों के कई इलाकों में आग अब भी नियंत्रण से बाहर बनी हुई है।
एक की मौत, नए निकासी आदेश जारी
पूर्वी स्पेन में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं फ्रांस के बोर्डो और स्पेन की राजधानी मैड्रिड के आसपास के इलाकों में प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के नए आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।आग और धुएं से जान बचाकर निकले परिवारों ने प्रदर्शनी केंद्रों, खेल परिसरों और जिम्नेजियम में बनाए गए अस्थायी राहत शिविरों में रात बिताई। इनमें स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी शामिल हैं। कई लोगों को अभी तक यह नहीं पता कि वे अपने घर या ठहरने की जगह पर कब लौट पाएंगे।
आग ने बनाया दुर्लभ धुएं का बादल
फ्रांस के गिरोंद अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग की वजह से एक दुर्लभ “पायरो क्यूम्युलोनिंबस” बादल बना। इस बादल ने अपनी ही तेज हवाएं और बवंडर पैदा कर दिए, जिससे आग का फैलाव बेहद अनियमित हो गया। इसी कारण आग लगातार दिशा बदलती रही और उस पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया। अग्निशमन अधिकारी कैप्टन निकोलस ब्राज ने बताया कि यही वजह है कि आग तेजी से अलग-अलग दिशाओं में फैल रही है।
फ्रांस ने ए400एम सैन्य विमान उतारा
आग बुझाने के अभियान को तेज करने के लिए फ्रांस ने पहली बार अपने सैन्य परिवहन विमान ए400एम को भी तैनात किया है। यह विमान प्रसिद्ध कनाडेयर विमानों की तुलना में लगभग दोगुना लंबा है और उनसे तीन गुना अधिक पानी या अग्निरोधक रसायन ले जाने की क्षमता रखता है। शनिवार, 25 जुलाई से इसे बोर्डो के पास लगी भीषण आग पर काबू पाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
पहली बार हुआ ऐसा इस्तेमाल
स्थानीय मीडिया हाउस ली मोंडे के मुताबिक, फ्रांस दुनिया का पहला देश बन गया है जिसने किसी वास्तविक जंगल की आग बुझाने के लिए ए400एम विमान का इस्तेमाल किया है। यूरोपीय संसद के सदस्य और फ्रांस के राष्ट्रीय अग्निशमन महासंघ के पूर्व अध्यक्ष ग्रेगोरी एलियोन ने कहा कि यदि प्रशासन पहले जोखिम उठाने को तैयार होता, तो इस तकनीक का उपयोग काफी पहले शुरू किया जा सकता था।स्पेन में भी जंगल की आग लगातार फैल रही है। मैड्रिड के दक्षिण-पश्चिम में स्थित टोलेडो के आसपास कई नए इलाकों को खाली कराने के आदेश दिए गए हैं।
तेज हवाओं से बढ़ी मुश्किल
स्पेन की नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन मामलों की महासचिव वर्जीनिया बारकोनेस ने कहा कि मौसम में बदलाव आग पर काबू पाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। शुक्रवार की तरह रविवार को भी तेज हवाओं ने अग्निशमन अभियान को मुश्किल बना दिया। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक दर्ज की गई, जिसके कारण बचाव दलों को अपनी रणनीति बदलनी पड़ी।
मैड्रिड की मुख्य आग रोब्लेदो दे चावेला और फ्रेसनेदियास दे ला ओलिवा के बीच फैली हुई है। वहीं एविला में लगी आग दक्षिण की ओर बढ़ रही है। टिएतार घाटी में आग तेजी से फैलने के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को खाली कराने का आदेश दिया है और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।
1.16 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
अब तक मैड्रिड, एविला और कास्टेलोन क्षेत्रों में लगी आग के कारण 1.16 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है या घरों के भीतर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, आग में अब तक 45,000 हेक्टेयर से ज्यादा वन क्षेत्र जलकर नष्ट हो चुका है।प्रभावित लोगों में करीब 1 लाख लोग मैड्रिड और एविला क्षेत्रों के हैं, जबकि लगभग 16,000 लोग कास्टेलोन से प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा लियोन प्रांत के मुरियास दे पोनहोस गांव से 20 लोगों को और कासेरेस के कुआकोस दे युस्ते स्थित एक समर कैंप से 16 बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
हवाई अभियान फिर शुरू
समाचार पत्र एल पेस के अनुसार, मौसम में कुछ सुधार होने के बाद रविवार सुबह हवाई अग्निशमन अभियान दोबारा शुरू किया गया। पूरी रात करीब 50 जमीनी अग्निशमन दल आग पर काबू पाने में जुटे रहे, हालांकि तेज हवाओं के कारण उन्हें लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ा।फिलहाल स्पेन में आग का सबसे बड़ा केंद्र मैड्रिड, एविला और टोलेडो के बीच बना हुआ है। आग का फैलाव 200 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र तक पहुंच चुका है। इनमें से लगभग 21,000 हेक्टेयर क्षेत्र केवल एविला प्रांत में है, जहां आग का घेरा करीब 112 किलोमीटर तक फैल चुका है।
दोपहर बाद मौसम से उम्मीद
अधिकारियों का कहना है कि दोपहर के बाद हवाओं की रफ्तार कम होने की संभावना है। इससे अग्निशमन दलों को आग पर नियंत्रण पाने में मदद मिल सकती है।एविला के बुर्गोहोंदो इलाके में जंगल की आग तेजी से फैलने के बाद टोलेडो प्रांत के उत्तर में आठ और गांवों को खाली कराया गया है। इससे पहले शनिवार को तीन गांवों को खाली कराया गया था। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव अभियान जारी है।








