TATKAL TICKET: रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से तत्काल (Tatkal) टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए 1 अगस्त से नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। वेस्ट सेंट्रल रेलवे (WCR) ने काउंटर बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नया टोकन सिस्टम लागू करने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य काउंटरों पर भीड़ कम करना और यात्रियों को बार-बार लाइन में लगने से राहत देना है।
बदलेगा टोकन जारी करने का समय
नई व्यवस्था के तहत AC तत्काल टिकट के लिए टोकन सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक जारी किए जाएंगे, जबकि स्लीपर (Non-AC) तत्काल टिकट के लिए टोकन सुबह 9:00 बजे से 9:30 बजे तक मिलेंगे। इससे यात्री बुकिंग शुरू होने से पहले ही अपनी बारी सुनिश्चित कर सकेंगे।
TATKAL TICKET: हर काउंटर पर तय होगी टोकन संख्या
रेलवे ने प्रत्येक रिजर्वेशन काउंटर के लिए टोकन की संख्या भी निर्धारित की है। हर काउंटर पर AC तत्काल के लिए 10 टोकन और Non-AC तत्काल के लिए 15 टोकन जारी किए जाएंगे।
परिवार के लिए टिकट लेने वालों को प्राथमिकता
नई व्यवस्था में उन यात्रियों को पहले मौका मिलेगा, जो अपने या अपने परिवार के सदस्यों के लिए तत्काल टिकट बुक कराने आएंगे। जरूरत पड़ने पर उन्हें परिवार से संबंध साबित करने वाला वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद अन्य यात्रियों की बुकिंग की जाएगी।
TATKAL TICKET: यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे का कहना है कि नए टोकन सिस्टम से यात्रियों को बार-बार रिजर्वेशन काउंटर पर आने की आवश्यकता नहीं होगी। पहले से टोकन मिलने के कारण वे निर्धारित समय पर अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे और काउंटरों पर भीड़ भी कम होगी।
बुकिंग के समय रखें ये दस्तावेज
तत्काल टिकट बुक कराने के लिए यात्रियों को आधार कार्ड या अन्य वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना होगा। साथ ही, यात्रियों के नाम, उम्र और यात्रा संबंधी जानकारी पहले से तैयार रखने पर टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक तेज और सुगम होगी।
ये भी पढ़े… पेपर लीक पर सख्त सरकार, अब 10 साल तक की जेल और ₹50 लाख तक जुर्माने का प्रस्ताव








