Isha Singh: भारत की स्टार शूटर ईशा सिंह ने चीन के हांगझोउ में आयोजित ISSF विश्व कप 2026 की महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए डबल पोडियम सुनिश्चित किया। 21 वर्षीय ईशा ने फाइनल में बेहतरीन संयम दिखाते हुए 40 हिट्स के साथ गोल्ड पर कब्जा जमाया, जबकि मनु ने कड़े मुकाबले में 28 हिट्स के साथ ब्रॉन्ज हासिल किया।
क्वालिफिकेशन में भी रहा भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा
ईशा ने क्वालिफिकेशन राउंड में 586-20x का शानदार स्कोर बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। मनु भाकर 585-18x के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। भारत की सिमरनप्रीत कौर बराड़ ने 582-16x के साथ छठा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, अभिदन्या अशोक पाटिल (573-16x) और सिमरनजीत कौर बराड़ (576-20x) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, हालांकि वे रैंकिंग पॉइंट्स ओनली (RPO) श्रेणी में हिस्सा ले रही थीं, इसलिए पदक की दौड़ में शामिल नहीं थीं।

मुश्किल दौर से उबरकर ईशा ने दोहराया शानदार प्रदर्शन
इस सीजन की शुरुआत में म्यूनिख ISSF विश्व कप में ईशा सिंह ने सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में 43 हिट्स के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर इतिहास रचा था। हांगझोउ में गोल्ड जीतने के बाद ईशा ने कहा कि म्यूनिख के बाद उन पर अपने प्रदर्शन को दोहराने का दबाव था, लेकिन एशियाई खेलों के अनुभव और हांगझोउ की परिस्थितियों से परिचित होने का उन्हें फायदा मिला। वहीं, मनु भाकर ने कहा कि यह पदक उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और आगामी विश्व चैंपियनशिप तथा एशियाई खेलों की तैयारी में मदद करेगा।
भारत की शूटिंग टीम के लिए बड़ी सफलता
ईशा सिंह का यह स्वर्ण पदक भारतीय शूटिंग के लिए एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ईशा सिंह और मनु भाकर को शानदार प्रदर्शन पर बधाई देते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय निशानेबाज़ों के बेहतरीन प्रदर्शन से यह साफ है कि भारत अब शूटिंग में दुनिया की सबसे मजबूत ताकतों में अपनी पहचान बना चुका है।
Written by: Mahi Modi
ये भी पढ़ें…जापान में 7.1 तीव्रता के भूकंप से दहशत, क्यूशू में सुनामी अलर्ट जारी: प्रशासन सतर्क








