Anti-Paper Leak: लोकसभा में एंटी पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार की क्रूरता को देश कभी नहीं भूलेगा और इस पूरे मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सदन में जवाब देना चाहिए।
जंतर-मंतर कार्रवाई पर सरकार को घेरा
गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों, युवाओं और महिलाओं पर पैलेट गन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि एक छात्रा को थप्पड़ मारा गया, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार हुआ और उनके कपड़े तक फाड़े गए। उन्होंने पूछा कि इस कार्रवाई का आदेश किसने दिया और गृह मंत्री को इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए।
Anti-Paper Leak: बिहार में AK-47 के इस्तेमाल का भी उठाया मुद्दा
कांग्रेस सांसद ने अपने भाषण में बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर AK-47 के इस्तेमाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है और सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसी कार्रवाई क्यों हुई।
Anti-Paper Leak: धर्मेंद्र प्रधान और NTA पर सवाल
गोगोई ने पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कई छात्रों ने आत्महत्या की। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 का पेपर लीक विरोधी कानून होने के बावजूद नीट और यूजीसी जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं हुईं। उन्होंने एनटीए की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए उसके शीर्ष अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
‘दिखावे का बिल’ बताया संशोधन विधेयक
कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक सुधार करने के बजाय केवल दिखावे के लिए कानून ला रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को सोशल मीडिया से अधिक छात्रों के भविष्य, पेपर लीक, कोचिंग माफिया और परीक्षा प्रणाली में सुधार पर ध्यान देना चाहिए।
Anti-Paper Leak: छात्रों के समर्थन में समाज का धन्यवाद
गौरव गोगोई ने छात्र आंदोलन का समर्थन करने वाले गुरुद्वारों, वकीलों, आम नागरिकों और स्वयंसेवकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि युवा अपने भविष्य की रक्षा के लिए सड़क पर उतरे हैं और सरकार को उनकी आवाज सुननी चाहिए।
ये भी पढ़े… Noida: सेक्टर 16 मेट्रो स्टेशन पर हादसा, बारिश के चलते गिरा पिलर के नीचे का डिवाइडर








