Home » देश-विदेश » न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट पर भारत का पलटवार, PoK को ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ बताने पर जताई आपत्ति

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट पर भारत का पलटवार, PoK को ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ बताने पर जताई आपत्ति

'पाकिस्तानी कश्मीर' शब्द पर भारत की कड़ी आपत्ति

PoK Dispute: भारत ने अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ कहे जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। अमेरिका में भारतीय दूतावास ने इस शब्द के इस्तेमाल को गलत और भ्रामक बताते हुए कहा कि ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ जैसा कोई क्षेत्र नहीं है, सही शब्द ‘पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK)’ है।भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा हैं। ये हमेशा भारत का हिस्सा रहे हैं और आगे भी रहेंगे।

क्या थी न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट?

भारत की यह प्रतिक्रिया द न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट के बाद सामने आई। इस रिपोर्ट में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हाल में हुई अशांति और स्थानीय चुनावों का जिक्र किया गया था।रिपोर्ट के अनुसार, मीरपुर में उस समय हिंसा भड़क गई, जब सुरक्षा बलों और जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के सदस्यों के बीच झड़प हुई। बताया गया कि यह संगठन कथित पुलिस अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा था।अमेरिकी अखबार ने दावा किया कि इस झड़प में गोली लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग ने इन मौतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

अशांति का चुनावों पर असर

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि पिछले कुछ हफ्तों से जारी अशांति में कई लोगों की जान गई है, जिसका असर स्थानीय चुनावों पर भी पड़ा है।रिपोर्ट के मुताबिक, जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी का दावा है कि पुलिस के साथ हुई झड़पों में उसके कई सदस्य मारे गए। हालांकि, अखबार ने साफ किया कि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही संबंधित अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।

भारत ने दोहराया अपना स्पष्ट रुख

भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि पूरा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान ने इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर अवैध कब्जा कर रखा है, लेकिन इससे भारत की संप्रभुता और अधिकारों पर कोई असर नहीं पड़ता।भारतीय दूतावास ने यह भी कहा कि पाकिस्तान इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल लगातार करता रहा है।

ये भी पढ़ें..मिडिल ईस्ट में बढ़ा युद्ध का खतरा: अमेरिका ने ईरान पर किए ताबड़तोड़ हवाई हमले, कई ठिकाने बने निशाना