Home » बिहार » प्रशांत किशोर से SHO की तीखी बहस, बोले- ‘मेरे थाने में हमें ही धमकी?’ वीडियो वायरल

प्रशांत किशोर से SHO की तीखी बहस, बोले- ‘मेरे थाने में हमें ही धमकी?’ वीडियो वायरल

Bankipur by-Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और उम्मीदवार प्रशांत किशोर का जक्कनपुर थाना में पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जन सुराज ने आरोप लगाया कि उसके करीब 20 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद प्रशांत किशोर समर्थकों के साथ आधी रात थाने पहुंच गए।

‘दो कार्यकर्ता कहां हैं?’

वायरल वीडियो में प्रशांत किशोर थाना प्रभारी (SHO) से पूछते नजर आते हैं कि उनके दो कार्यकर्ता कहां हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है तो इसकी जानकारी दी जाए और कानून के तहत कार्रवाई की जाए।

Bankipur by-Election: SHO का जवाब- ‘मेरे थाने में धमकी देंगे?’

बहस के दौरान थाना प्रभारी ने कहा, “मेरे थाने में बैठकर हमें ही धमकी देंगे?” उन्होंने यह भी कहा कि वर्दी में होने के कारण संयम बरत रहे हैं और जरूरत पड़ने पर वर्दी उतारकर आम नागरिक की तरह भी काम कर सकते हैं। दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी नोकझोंक होती रही।

जन सुराज का आरोप

जन सुराज पार्टी का दावा है कि पुलिस और एसटीएफ ने उसके लगभग 20 कार्यकर्ताओं को मतदान से पहले उठा लिया। प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता ने कानून तोड़ा है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए, लेकिन बिना जानकारी के हिरासत में लेना उचित नहीं है।

Bankipur by-Election: भाजपा और जन सुराज आमने-सामने

मतदान के दिन भी प्रशांत किशोर ने पुलिस पर सरकार के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। वहीं भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत कर जन सुराज पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। मीठापुर और किदवईपुरी इलाके में भाजपा और जन सुराज समर्थकों के बीच झड़प की खबर भी सामने आई, जिसे पुलिस ने शांत कराया।

दोपहर 3 बजे तक 27.82  प्रतिशत  मतदान 

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार दोपहर 3 बजे तक 27.82% मतदान दर्ज किया गया है। सीट पर जन सुराज के प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज सिन्हा और राजद की रेखा गुप्ता सहित कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतगणना 3 अगस्त को होगी।

ये भी पढ़े… ‘पेपर लीक बर्दाश्त नहीं’- राज्यसभा में बिल पेश, जितेंद्र सिंह ने दोहराई सरकार की नीति और कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति