MP Ratlam: मध्य प्रदेश के रतलाम में शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आधी रात दूसरी मंजिल से रस्सी के सहारे नीचे उतरने की कोशिश के दौरान रस्सी टूट गई, जिससे वह करीब 25 फीट नीचे गिर गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
MP Ratlam: बिहार की रहने वाली थी महिला-
मृतका की पहचान बिहार के रोहतास जिले की 23 वर्षीय संध्या चौधरी के रूप में हुई है। उसकी शादी 26 जुलाई को रतलाम निवासी मुकेश चौहान से हुई थी। पति का दावा है कि यह शादी दलालों के माध्यम से करीब 2.60 लाख रुपये देकर कराई गई थी।
MP Ratlam: रस्सी टूटने से हुआ हादसा-
पति मुकेश के अनुसार, दोनों दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। रात करीब 2 बजे उसकी नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं थी। तलाश करने पर घर के पीछे रेत के ढेर पर वह गंभीर हालत में मिली। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से दूसरी मंजिल से बंधी टूटी हुई रस्सी भी बरामद हुई।
दलालों के जरिए कराई गई थी शादी-
मुकेश ने बताया कि उज्जैन जिले के एक व्यक्ति मोहन के माध्यम से शादी कराई गई थी। उसने इसके लिए 2.60 लाख रुपये दिए थे। घटना के बाद से मोहन संपर्क में नहीं है। मुकेश का आरोप है कि शादी के दौरान महिला के परिजनों की पूरी जानकारी भी नहीं दी गई थी।
परिजन नहीं पहुंचे, पति ने किया अंतिम संस्कार-
घटना की सूचना बिहार में महिला के परिजनों को दी गई, लेकिन कोई भी रतलाम नहीं पहुंचा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव पति को सौंप दिया गया, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मुख्य दलाल पर गंभीर आरोप-
मुकेश का कहना है कि बिहार में शादी की व्यवस्था राजेश नाम के व्यक्ति ने कराई थी। घटना के बाद जब उससे संपर्क किया गया तो उसने टालमटोल की और कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने की धमकी भी दी।
‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह के एंगल से जांच-
माणकचौक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस शादी कराने वाले दलालों, महिला के परिजनों और पूरी शादी की प्रक्रिया की जांच कर रही है। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए मामले की जांच संभावित ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह के एंगल से भी की जा रही है।
यह भी पढ़े- PM मोदी का बड़ा खुलासा: ड्रग्स का कारोबार दुश्मन देशों के आतंकी एजेंडे का हिस्सा!








