CM Yogi Photo: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सचिन यादव ने सदन के भीतर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर दिखाकर विरोध दर्ज कराया। फिरोजाबाद की जसराना सीट से विधायक सचिन यादव के इस विरोध पर विधानसभा ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें पूरे शेष मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया।विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि 4 अगस्त 2026 को सदन में पारित प्रस्ताव के आधार पर उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य-संचालन नियमावली, 2023 के नियम 299(1) के तहत सचिन यादव को दोपहर 1:25 बजे से पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया है।निलंबन के दौरान वह विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें सदन की कार्यवाही और किसी भी विधानसभा समिति की बैठक में शामिल होने की अनुमति भी नहीं होगी।
कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठे सचिन यादव
निलंबन के फैसले के तुरंत बाद सचिन यादव विधानसभा परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने पर सरकार ने उन्हें दंडित किया है। उन्होंने इस कार्रवाई को विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया।
CM Yogi Photo: ‘चढ़ावा चोरी’ के मुद्दे पर सरकार को घेरा
मीडिया से बातचीत में सचिन यादव ने कहा कि वह मंदिरों में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर सदन में चर्चा कराना चाहते थे, लेकिन सरकार ने इसे ताजा मुद्दा मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस पूरे मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।सचिन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले एसआईटी जांच के बाद “दूध का दूध और पानी का पानी” करने की बात कही थी, लेकिन अब तक जांच का कोई स्पष्ट परिणाम सामने नहीं आया है। ऐसे में सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।
CM Yogi Photo: निलंबन पर तेज हुई सियासत
सपा विधायक के निलंबन के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद शुरू हो गया है। विपक्ष इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बता रहा है, जबकि सत्ता पक्ष का कहना है कि विधानसभा की गरिमा बनाए रखना और सदन के नियमों का पालन कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।अब सचिन यादव का निलंबन केवल विधानसभा तक सीमित मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रदेश की राजनीति में सत्ता और विपक्ष के बीच नए टकराव का मुद्दा बन गया है।
ये भी पढ़े……योगी सरकार का बड़ा दांव! यूपी विधानसभा में हंगामे के बीच पेश किया 59,019.54 करोड़ रुपये का मेगा बजट








