Breaking News
Home » राष्ट्रीय » असल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए सरकार ने मुझे गिरफ्तार किया: उदयनिधि स्टालिन

असल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए सरकार ने मुझे गिरफ्तार किया: उदयनिधि स्टालिन

गिरफ्तारी के बाद उदयनिधि का सरकार पर बड़ा हमला

Udhayanidhi Stalin: तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने पुलिस हिरासत से रिहा होने के बाद मुख्यमंत्री सी. विजय जोसेफ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए उनकी गिरफ्तारी कराई।उदयनिधि स्टालिन को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मंगलवार सुबह उनके घर से हिरासत में लिया गया। इसके बाद उन्हें तंजावुर जिले के सेंगिपट्टी पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद देर रात उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

एक्स पर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

रिहाई के बाद उदयनिधि स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि किसानों की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही “सोफा सरकार” अब असली मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए उन्हें गिरफ्तार कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने उनके खिलाफ गलत छवि बनाने के लिए सत्ताधारी दल का इस्तेमाल किया। उनके मुताबिक, तंजावुर में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान उन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया, जबकि यह पूरी तरह झूठा है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ फर्जी मामले दर्ज किए गए और उन्हें चेन्नई से तंजावुर के बीच बार-बार आने-जाने के लिए मजबूर किया गया, ताकि कुछ लोगों को खुश किया जा सके।

गिरफ्तारी को बताया ‘राजनीतिक नाटक’

उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि गिरफ्तारी के समय ही उन्होंने मीडिया से साफ कह दिया था कि वह इस कार्रवाई को एक राजनीतिक नाटक मानते हैं। उन्होंने कहा कि वह कभी भी पुलिस के डर से भागे नहीं।उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा देश जानता है कि करूर में 41 लोगों की मौत के बाद मौजूदा मुख्यमंत्री गिरफ्तारी के डर से कैसे पीछे हट गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने न तो पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और न ही मीडिया का सामना किया। उदयनिधि ने यह भी कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद मुख्यमंत्री अगले ही महीने फिल्म के प्रमोशन के लिए मलेशिया जाकर डांस कार्यक्रम में शामिल हुए।

किसानों के लिए सौ बार गिरफ्तारी भी मंजूर

उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि अगर किसानों के अधिकारों और भलाई के लिए संघर्ष करते हुए उन्हें गिरफ्तार होना पड़े, तो वह एक बार नहीं बल्कि सौ बार गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में वह सिर्फ 300 किलोमीटर ही नहीं, बल्कि 3,000 किलोमीटर से भी अधिक पैदल यात्रा करने के लिए तैयार हैं और ऐसी कार्रवाई उन्हें अपने संघर्ष से नहीं रोक सकती।अपने बयान के अंत में उदयनिधि स्टालिन ने उन सभी राजनीतिक नेताओं का धन्यवाद किया जिन्होंने उनकी गिरफ्तारी की आलोचना की। साथ ही उन्होंने तमिलनाडु भर में डीएमके कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके समर्थन में एकजुटता दिखाई।

यह भी पढ़े- पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग, चेन खींचकर रोकी गई ट्रेन, 72 यात्रियों की बची जान