Sheikh Hasina Return: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सत्ता से हटने के बाद पहली वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी, जेल या जान का खतरा होने के बावजूद वह दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौटेंगी। हसीना ने कहा कि वह अपने लोगों से दूर नहीं रह सकतीं और हर हाल में अपने देश वापस जाना चाहती हैं।
Sheikh Hasina Return: तारिक रहमान के करीबी ने दी खुली चुनौती-
शेख हसीना के बयान के एक दिन बाद ही बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यवाहक प्रमुख तारिक रहमान के करीबी और सलाहकार सैयद मोअज्जम हुसैन अलाल ने उन्हें चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर हसीना को बांग्लादेश की न्याय व्यवस्था और प्रशासन पर भरोसा है तो दिसंबर तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है।अलाल ने कहा, “दिसंबर क्यों? अभी अगस्त है। सितंबर, अक्टूबर और नवंबर का इंतजार क्यों? उन्हें अभी आना चाहिए और बांग्लादेश की न्यायपालिका व प्रशासन तय करेंगे कि उनका स्वागत होगा या उन्हें जेल जाना पड़ेगा।”
Sheikh Hasina Return: मानवता के खिलाफ अपराध के मामले में सजा-
पिछले वर्ष बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने जुलाई-अगस्त 2024 की अशांति के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध के मामले में शेख हसीना और पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल को मौत की सजा सुनाई थी। इसके बाद ढाका ने भारत से दोनों के प्रत्यर्पण की मांग भी की थी। फिलहाल शेख हसीना भारत में रह रही हैं।
सजीब वाजेद के बयान पर भी विवाद-
अलाल ने शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश भारत के पूर्वी मोर्चे पर एक और पाकिस्तान बन गया है। अलाल ने इसे देश की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ बताया और कहा कि इस तरह के बयान स्वीकार नहीं किए जा सकते।
‘अब बदला हुआ बांग्लादेश है’-
अलाल ने कहा कि 5 अगस्त 2024 के बाद बांग्लादेश पूरी तरह बदल चुका है। उनके अनुसार अब देश लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत जनता के प्रतिनिधियों के अनुसार चलेगा और किसी भी विदेशी हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अब दिसंबर पर टिकी निगाहें-
शेख हसीना के दिसंबर में लौटने के ऐलान के बाद अब सबकी नजरें उनके अगले कदम पर हैं। यदि वह बांग्लादेश लौटती हैं तो उनके साथ क्या कानूनी कार्रवाई होगी, इसका फैसला वहां की अदालत और प्रशासन करेगा। फिलहाल इस मुद्दे ने बांग्लादेश की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है।
यह भी पढ़े- उत्तर कोरिया ने दागी शॉर्ट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल, दक्षिण कोरिया ने बढ़ाई सतर्कता








