Ranchi Protest: रांची में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन शनिवार को 15वें दिन भी जारी है। इसी बीच देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व वाले ‘JPSC-JSSC न्याय’ गुट के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।करीब 11:20 बजे शुरू हुई बैठक में छात्रों ने अपनी मांगें सरकार के सामने रखीं। बातचीत के बाद छात्र प्रतिनिधिमंडल आंदोलन स्थल पर लौट आया और बैठक को सकारात्मक बताया।
सरकार ने दिया बातचीत का भरोसा, लेकिन छात्रों का आंदोलन बरकरार
बैठक के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि सरकार सभी छात्र स मूहों और संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी। सरकार ने सुझाव और शिकायतें लेने के लिए ईमेल आईडी भी जारी की है, ताकि सभी पक्षों की बात सुनी जा सके।हालांकि, छात्रों ने साफ कर दिया कि सिर्फ आश्वासन से आंदोलन खत्म नहीं होगा। मांगों पर ठोस फैसला आने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
Ranchi Protest: 14वीं JPSC रद्द करने की मांग, स्वतंत्र जांच पर अड़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्र 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने और कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं। छात्र चाहते हैं कि जांच CBI या राज्य से बाहर के हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की कमेटी से कराई जाए।इसके साथ ही JPSC और JSSC की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार की मांग भी की जा रही है।
Ranchi Protest: 10 अगस्त को विधानसभा मार्च का ऐलान, अब सरकार पर बढ़ा दबाव
सरकार और छात्रों के बीच बातचीत के बावजूद आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। छात्रों ने कहा है कि अगर रविवार तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 10 अगस्त को विधानसभा मार्च किया जाएगा।JPSC विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी कथित अनियमितताओं के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल सरकार और छात्रों के बीच बातचीत का अगला दौर बेहद अहम माना जा रहा है। एक तरफ सरकार सभी पक्षों को सुनने की बात कह रही है, तो दूसरी तरफ छात्र ठोस फैसले से कम पर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
ये भी पढ़े…….. यूपी भाजपा ने संगठन में किए बदलाव, इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी








