Home » राजनीति » महाराष्ट्र की राजनीति में क्या चल रहा है? एक ही फ्लाइट में दिखे फडणवीस और जयंत पाटिल

महाराष्ट्र की राजनीति में क्या चल रहा है? एक ही फ्लाइट में दिखे फडणवीस और जयंत पाटिल

Maharashtra Politics:

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की सियासत में एक तस्वीर ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) गुट के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल एक ही फ्लाइट में साथ नजर आए। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं की इस तरह एक साथ यात्रा को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

Maharashtra Politics: मुंबई से कोल्हापुर के लिए साथ रवाना हुए नेता-

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कोल्हापुर और सांगली जिले के आधिकारिक दौरे पर जा रहे थे। वहीं, जयंत पाटिल अपने विधानसभा क्षेत्र ईश्वरपुर, सांगली जाने के लिए उसी विमान में मौजूद थे। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर भी इस यात्रा में उनके साथ दिखाई दिए। हालांकि, नेताओं के एक ही विमान में सफर करने को प्रशासनिक या व्यक्तिगत यात्रा का हिस्सा बताया जा रहा है, लेकिन महाराष्ट्र के मौजूदा राजनीतिक माहौल में इस तस्वीर के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

Maharashtra Politics: पवार गुट के 8 सांसदों की पीएम मोदी से होगी मुलाकात-

यह तस्वीर ऐसे समय सामने आई है, जब शरद पवार गुट और एनडीए के बीच कथित नजदीकियों को लेकर चर्चा चल रही है। इसी बीच एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि सोमवार को शरद पवार गुट के 8 सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।सुप्रिया सुले ने कहा कि इस मुलाकात में कोई राजनीतिक गुणा-गणित नहीं है। उनके मुताबिक, बैठक में महाराष्ट्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

क्या पक रही है नई सियासी खिचड़ी-

एक तरफ शरद पवार गुट के सांसदों की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात तय है और दूसरी तरफ जयंत पाटिल का देवेंद्र फडणवीस के साथ एक ही फ्लाइट में सफर करना चर्चा का विषय बन गया है। ऐसे में महाराष्ट्र की राजनीति में नई सियासी संभावनाओं को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी तक इन घटनाओं को किसी नए राजनीतिक समीकरण से जोड़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

नेताओं ने क्या कहा-

बीजेपी नेता आशीष शेलार ने पीएम मोदी के साथ एनसीपी नेताओं की मुलाकात पर कहा कि संवाद लोकतंत्र की आत्मा है। एनसीपी नेता छगन भुजबल ने कहा कि अगर सुप्रिया सुले अपनी मांगों को लेकर प्रधानमंत्री से मिल रही हैं तो यह अच्छी बात है। उन्होंने मुलाकात के पीछे किसी राजनीतिक रणनीति की जानकारी से इनकार किया। वहीं, एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने कहा कि पार्टी के सांसद अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े कामों को लेकर प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परिसीमन के मुद्दे पर पार्टी के सांसद विरोध में मतदान करेंगे।

कांग्रेस ने उठाए सवाल-

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार गुट के नेताओं की प्रधानमंत्री मोदी से होने वाली मुलाकातों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इसके पीछे कुछ न कुछ राजनीतिक बात हो सकती है और लोकसभा परिसीमन को लेकर किसी रणनीति की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल, फडणवीस और जयंत पाटिल की एक ही फ्लाइट में मौजूदगी और पवार गुट के सांसदों की पीएम मोदी से प्रस्तावित मुलाकात ने महाराष्ट्र की सियासत में चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है

यह भी पढ़े- अंदर की खबर: पीएम मोदी और सीएम योगी की एक घंटे तक क्या बात हुई?