Mathura Murder Case: उत्तर प्रदेश के मथुरा से पति की हत्या का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। आरोप है कि बेटी के प्रेम संबंध का विरोध करने पर पत्नी ने पहले पति के दूध में नशीला पदार्थ मिलाया और उसके बेहोश होने के बाद मूसली से सिर पर कई वार किए। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए बेटी और उसके प्रेमी ने भी उसका साथ दिया।
Mathura Murder Case: दूध में मिलाया नशीला पदार्थ, फिर मूसली से किए वार-
मृतक की पहचान मनोज सोनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 18 अप्रैल की रात मनोज और उसकी पत्नी नैना के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मनोज की कोई जानकारी नहीं मिली। आरोप है कि इसी दौरान नैना ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि मनोज को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। जब वह बेहोश हो गया तो उसके सिर पर मूसली से वार किए गए। आरोपी तब तक उसके सिर पर वार करती रही, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
Mathura Murder Case: शव को कंबल में लपेटकर स्कूटी से ले गए-
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कंबल में लपेटा और स्कूटी से यमुना किनारे ले गए। वहां शव को जला दिया गया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस को मौके से वह कंबल मिला, जिसमें शव को ले जाने की बात सामने आई है।
गुमशुदगी की रिपोर्ट वापस लेने से बढ़ा शक-
मनोज के बड़े भाई रामबाबू ने पुलिस को बताया कि 18 अप्रैल के बाद मनोज का कोई पता नहीं चला। 21 अप्रैल को नैना ने गोविंद नगर थाने में मनोज की गुमशुदगी की शिकायत दी थी, लेकिन अगले ही दिन उसे वापस ले लिया। बाद में 9 मई को मनोज के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद 7 जून को नैना अपनी छोटी बेटी के साथ घर पर ताला लगाकर अचानक गायब हो गई। मनोज के परिजनों ने SSP से शिकायत की और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी मदद की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने मां-बेटी की तलाश शुरू की।
पूछताछ के बाद सामने आया हत्या का पूरा राज-
पुलिस ने नैना और उसकी बेटी को पूछताछ के लिए बुलाया। इसके बाद नैना अपने मायके चली गई। वहां पिता के पूछने पर उसने कथित तौर पर पूरी घटना की जानकारी दे दी। पुलिस के अनुसार, नैना ने बताया कि मनोज को नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया और फिर मूसली से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद बेटी और उसके प्रेमी ने शव को ठिकाने लगाने में मदद की।
यमुना घाट से नहीं मिले ज्यादा सबूत-
हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस यमुना घाट पहुंची, लेकिन पानी के कारण वहां से ज्यादा सबूत बरामद नहीं हो सके। हालांकि, पुलिस ने शव को ले जाने में इस्तेमाल किया गया कंबल बरामद किया है। इसके अलावा नैना के घर से मनोज के जले हुए कपड़ों और दस्तावेजों की राख भी पुलिस ने कब्जे में ली है। फिलहाल पुलिस ने नैना, उसकी बेटी और बेटी के प्रेमी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़े- अयोध्या में ईमानदारी की मिसाल, सेवादार ने लौटाई 20 लाख की हीरे जड़ित सोने की चेन








