Home » राजनीति » आंदोलनकारी छात्रों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी झारखंड सरकार, निजी अस्पतालों को भी निर्देश

आंदोलनकारी छात्रों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी झारखंड सरकार, निजी अस्पतालों को भी निर्देश

 Jharkhand Govt Treatment:

Jharkhand Govt Treatment: झारखंड सरकार ने आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि आंदोलन के दौरान यदि कोई छात्र बीमार पड़ता है या अस्पताल में भर्ती होता है, तो उसका बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। सरकार के मुताबिक, आंदोलनकारी छात्रों से इलाज के नाम पर किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इलाज से जुड़े जरूरी खर्च का वहन राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग करेगा।

Jharkhand Govt Treatment: किसी छात्र को इलाज से वंचित न किया जाए-

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आंदोलनकारी छात्र-छात्राओं को किसी भी परिस्थिति में इलाज से वंचित न किया जाए। उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जरूरत पड़ने पर डॉ. इरफान अंसारी ने व्यक्तिगत स्तर पर भी हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Jharkhand Govt Treatment: ‘बच्चों की जान की कीमत सबसे ज्यादा’-

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि युवा दिन-रात अपने अधिकारों और मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार उनकी भावनाओं और पीड़ा को गंभीरता से समझती है। उन्होंने बताया कि आंदोलन स्थल पर मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए मेडिकल टीम लगातार तैनात है और स्वास्थ्य विभाग छात्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

स्वास्थ्य मंत्री ने छात्रों से की भावुक अपील-

डॉ. इरफान अंसारी ने आंदोलनकारी छात्रों से अनशन और भूख हड़ताल से बचने की अपील की। उन्होंने कहा, “मेरे आंदोलनकारी युवा मेरे बच्चे हैं। आपकी पीड़ा मेरी पीड़ा है।” उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखें, लेकिन अपनी जिंदगी को खतरे में न डालें। उन्होंने कहा कि जीवन सबसे ज्यादा कीमती है और किसी भी मांग के लिए अपनी जान दांव पर नहीं लगानी चाहिए।

‘सरकार आपकी मांगों को नजरअंदाज नहीं कर रही’-

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों को नजरअंदाज नहीं कर रही है। उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और सरकार बातचीत के जरिए इस मुद्दे का सकारात्मक समाधान निकालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू भी इस विषय को गंभीरता से देख रहे हैं।

‘सरकार पर विश्वास रखिए, आपकी सरकार आपके साथ है’-

डॉ. इरफान अंसारी ने आंदोलनकारी युवाओं से सरकार पर भरोसा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों के लिए लड़ें और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएं, लेकिन अपनी जान को दांव पर न लगाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आंदोलनकारी छात्रों की जिंदगी सुरक्षित रखना उनकी सबसे बड़ी चिंता है और सरकार उनके स्वास्थ्य को लेकर हर संभव कदम उठाएगी

यह भी पढ़े- BJP सांसद जनार्दन मिश्रा का विवादित बयान, बोले- ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’