Home » राष्ट्रीय » रांची में JPSC-JSSC छात्रों का उग्र प्रदर्शन, विधानसभा घेराव पर पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ी,

रांची में JPSC-JSSC छात्रों का उग्र प्रदर्शन, विधानसभा घेराव पर पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ी,

JPSC-JSSC Protest

JPSC-JSSC Protest: रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान सोमवार को प्रदर्शन उग्र हो गया। भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में हजारों छात्र विधानसभा की ओर बढ़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। इसके बाद आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। छात्र सीबीआई जांच और सभी संबंधित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े छात्र, पुलिस ने संभाला मोर्चा

विधानसभा घेराव के लिए बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को पार करने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन चलाया। इसके बाद लाठीचार्ज किया गया और हालात बिगड़ने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

JPSC-JSSC Protest: हजारों अभ्यर्थी रांची पहुंचे, जिलों में भी जांच

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग जिलों से हजारों अभ्यर्थी राजधानी पहुंचे। कई छात्र ट्रेन, बस और निजी वाहनों से रांची आए। प्रशासन ने छात्रों की आवाजाही को देखते हुए जिलों की सीमाओं, प्रमुख सड़कों और राजमार्गों पर वाहनों की जांच भी की। पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए।

सीबीआई जांच और 13 परीक्षाएं रद्द करने की मांग

JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद कोई अंतिम समाधान नहीं निकल पाया है। रविवार को हुई छठे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। छात्र संगठनों का कहना है कि सरकार ने 13 में से केवल तीन परीक्षाओं को रद्द करने पर सहमति जताई है, जबकि उनकी मांग सभी संबंधित परीक्षाओं की जांच और कार्रवाई की है। छात्र पूरे मामले की सीबीआई जांच, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान कुछ छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। वहीं, सरकार का दावा है कि उसने छात्रों की करीब 98 प्रतिशत मांगें मान ली हैं।

ये भी पढ़ें…दिल्ली विधानसभा में साइकिल घोटाले पर हंगामा, AAP के 6 विधायक मार्शल आउट