Home » राष्ट्रीय » मध्य प्रदेश में बारिश का कहर, 98 लोगों की बची जान; गर्भवती महिला समेत कई लोगों का रेस्क्यू

मध्य प्रदेश में बारिश का कहर, 98 लोगों की बची जान; गर्भवती महिला समेत कई लोगों का रेस्क्यू

Mp Heavy Rain: एमपी में बारिश का कहर, 98 लोगों की बची जान

Mp Heavy Rain: मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई जगह बाढ़ का पानी रिहायशी क्षेत्रों में घुसने से लोग फंस गए। सोमवार को राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (SDERF), होमगार्ड और सिविल डिफेंस की टीमों ने बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दिनभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 98 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा 7 गोवंश और 4 पालतू पशुओं को भी बचाया गया।

सीहोर में गर्भवती महिला समेत चार लोगों का रेस्क्यू

सीहोर जिले के ग्राम जामनी में नाले का जलस्तर अचानक बढ़ने से एक घर में पानी भर गया। यहां 23 वर्षीय गर्भवती महिला गीता राजपूत अपने परिवार के तीन अन्य सदस्यों के साथ फंस गई थीं। सूचना मिलते ही SDERF और होमगार्ड की टीम रबर बोट लेकर मौके पर पहुंची और चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। अहमदपुर क्षेत्र में भी जलभराव के बीच फंसे चार नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया।

Mp Heavy Rain: भोपाल में डैम की दीवार टूटी, 19 लोगों को बचाया

राजधानी भोपाल के सूखी सेवानिया क्षेत्र के ग्राम बालमपुर में डैम की दीवार टूटने से बाढ़ का पानी तेजी से रिहायशी इलाके में पहुंच गया। यहां बढ़ते जलस्तर के बीच फंसे 19 नागरिकों और चार पालतू पशुओं को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। इसी क्षेत्र में तेज बहाव के बीच फंसे चार अन्य लोगों को क्विक रिस्पांस टीम ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

Mp Heavy Rain:

विदिशा में 15 मजदूर समेत कई लोगों को निकाला

विदिशा जिले के ग्राम बामनखेड़ा में जलभराव के कारण 15 मजदूर फंस गए थे। रेस्क्यू टीम ने सभी श्रमिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं ग्राम पथरिया में भी पानी में फंसे चार नागरिकों को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया।

Mp Heavy Rain: ओंकारेश्वर में नदी में बह रहे तीन श्रद्धालुओं को बचाया

खंडवा के ओंकारेश्वर स्थित अभयपुरी घाट पर स्नान के दौरान तीन श्रद्धालु तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगे। घाट पर तैनात जवानों ने तुरंत लाइफ जैकेट की मदद से उफनती नदी में उतरकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं राजगढ़ के ग्राम बाधाहेड़ी में मंदिर के चारों ओर पानी भरने से छत पर शरण लिए 15 लोगों का भी रेस्क्यू किया गया। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

 

ये भी पढ़ें…जंतर-मंतर पर गोलियां नहीं चलीं, विपक्ष चर्चा से भाग रहा: जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर पलटवार