Varanasi Airport: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर मंगलवार को रनवे के पास डंपर पलटने से विमान संचालन प्रभावित हो गया। दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E5025 लैंडिंग के करीब थी, लेकिन रनवे की स्थिति को देखते हुए पायलट ने टच एंड गो किया और विमान को दोबारा हवा में उठाया गया। इसके बाद फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। विमान में 154 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित बताए गए। घटना के बाद एयरपोर्ट का मुख्य रनवे करीब दो घंटे बंद रहा, जिससे कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।
रनवे के पास पलटा निर्माण कंपनी का डंपर
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, रनवे विस्तार के काम में लगी कंपनी पीएनसी इंफ्राटेक का डंपर अचानक रनवे के पास पलट गया। घटना के समय दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट लैंडिंग के लिए तैयार थी। रनवे की स्थिति को देखते हुए विमान को सुरक्षित तरीके से टच एंड गो कराया गया और बाद में उसे लखनऊ भेज दिया गया। फ्लाइट के डायवर्ट होने की जानकारी के बाद यात्रियों के परिजनों में भी चिंता बढ़ गई। हालांकि, विमान में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
Varanasi Airport: करीब दो घंटे बंद रहा मुख्य रनवे
डंपर हादसे के बाद सुरक्षा और विमान संचालन मानकों को ध्यान में रखते हुए मुख्य रनवे को करीब डेढ़ से दो घंटे तक बंद रखा गया। अधिकारियों ने रनवे को दोबारा संचालन योग्य बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद विमानों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हुई। रनवे बंद रहने से कई उड़ानों के समय में बदलाव हुआ। अहमदाबाद और नवी मुंबई से आने वाली कुछ उड़ानों को अयोध्या और लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया, जबकि गाजियाबाद से आने वाली एक उड़ान रद्द करनी पड़ी।
यात्रियों को हुई परेशानी, जांच शुरू
रनवे बंद होने के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। कई लोग उड़ानों की नई स्थिति और समय की जानकारी लेने के लिए एयरलाइंस के हेल्प डेस्क पर पहुंचे। वाराणसी से दिल्ली जाने वाली एक उड़ान भी काफी देर से संचालित हुई। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के मुताबिक, रनवे मेंटेनेंस के कारण इसे निर्धारित समय के लिए बंद किया गया था और कुछ विमानों पर इसका असर पड़ा। फिलहाल स्थिति सामान्य है। रनवे विस्तार का काम जारी है और पिछले करीब एक महीने से रात की उड़ानें भी बंद हैं। रनवे के पास डंपर के पहुंचने और पलटने की घटना की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें…15 अगस्त पर हर घर तिरंगा फहराने की PM मोदी की अपील, बोले- हर मन तिरंगा








