India-China Border: अरुणाचल प्रदेश को लेकर भारत और चीन के बीच जारी बयानबाजी के बीच चीन की ओर से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। चीन ने बुधवार को कहा कि चीन-भारत सीमा पर हालात फिलहाल आम तौर पर स्थिर हैं। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास चीनी सेना की गतिविधियां बढ़ने की खबरों पर सीधे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
India-China Border: चीनी सेना की गतिविधियों पर पूछे गए सवाल-
गुओ जियाकुन से पूछा गया था कि क्या हाल ही में भारत के साथ सीमा पर कोई सैन्य घटना हुई है और क्या चीन ने अरुणाचल प्रदेश के पास अपनी सैन्य गतिविधियां बढ़ाई हैं। चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिण तिब्बत का हिस्सा बताता रहा है। इस पर गुओ ने कहा कि चीन-भारत सीमा पर स्थिति फिलहाल आम तौर पर स्थिर है।
India-China Border: दोनों देशों के बीच बातचीत जारी रखने पर सहमति-
चीनी प्रवक्ता ने बताया कि पिछले सप्ताह चीन-भारत सीमा मामलों पर बातचीत और समन्वय के लिए वर्किंग मैकेनिज्म की 36वीं बैठक हुई थी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष राजनयिक और सैन्य माध्यमों से बातचीत जारी रखने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने पर सहमत हुए हैं।
भारत ने LAC पर शांति को बताया जरूरी-
इससे पहले मंगलवार को भारत ने चीन के साथ सीमा से जुड़े मामलों को बेहद गंभीर बताया था। भारत ने जोर देकर कहा था कि लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर शांति और स्थिरता बनाए रखना सबसे जरूरी है। भारत के मुताबिक, सीमा की स्थिति ही दोनों देशों के रिश्तों की दिशा तय करेगी। यह बयान अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी इलाके में चीनी सैनिकों के कथित आक्रामक रवैये की खबरों के बीच आया था। अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे को भारत ने खारिज किया भारत ने अरुणाचल प्रदेश में 27 जगहों और भौगोलिक विशेषताओं के आधिकारिक मानक नाम तय करने के फैसले पर चीन की आलोचना को भी खारिज कर दिया। नई दिल्ली ने स्पष्ट किया कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अटूट और अभिन्न हिस्सा है और कोई भी कदम इस वास्तविकता को बदल नहीं सकता।
सीमा विवाद के बीच दोनों देशों के रुख पर नजर-
भारत और चीन के बीच सीमा को लेकर लंबे समय से मतभेद रहे हैं। ऐसे में दोनों देशों की ओर से शांति और बातचीत पर जोर दिए जाने के बावजूद अरुणाचल प्रदेश को लेकर जारी दावे और आरोप स्थिति को संवेदनशील बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़े- फोन या लैपटॉप चलाते समय क्यों सुन्न हो जाती हैं उंगलियां? जानें वजह और बचाव








