PARLIAMENT NEWS: संसद के मानसून सत्र का आखिरी दिन भी भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। तय कार्यक्रम के मुताबिक सत्र का आज अंतिम दिन था, लेकिन सदन की कार्यवाही करीब 11 बजे ही स्थगित हो गई। आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी लोकसभा में मौजूद रहे। 20 जुलाई के बाद पहली बार अमित शाह सदन में दिखाई दिए।
कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष का हंगामा
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहा था। इसके अलावा राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे के कथित मामले पर भी चर्चा की मांग लगातार उठाई जाती रही। हालांकि, ‘वंदे मातरम’ के दौरान सदन में कुछ देर के लिए शांति रही। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
PARLIAMENT NEWS: अमित शाह ने चर्चा के लिए जताई थी तैयारी
मानसून सत्र के अंतिम दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म करने की कोशिश भी हुई। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि सरकार छात्रों से जुड़े मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और गृह मंत्री अमित शाह जवाब देंगे। इसके बाद अमित शाह ने भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कहा था कि वह विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने विपक्ष पर चर्चा से भागने का आरोप लगाया था।
‘अमित शाह सदन में आओ’ के लगे नारे
विपक्षी सांसदों ने सदन में ‘अमित शाह सदन में आओ’ और ‘चंदा किसने लूटा’ जैसे नारे लगाए। विपक्ष की ओर से मांग की जा रही थी कि गृह मंत्री छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे के मामले पर सदन में जवाब दें। वहीं, सत्ता पक्ष के सांसदों ने झारखंड में छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष को घेरने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के सांसद नारेबाजी करते हुए आमने-सामने भी नजर आए।
PARLIAMENT NEWS: टी पार्टी में भी विपक्ष की दूरी
सत्र की कार्यवाही स्थगित होने के बाद लोकसभा अध्यक्ष की ओर से आयोजित पारंपरिक टी कार्यक्रम में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई दलों के सांसद शामिल नहीं हुए। विपक्षी दलों की नाराजगी और सदन में जारी गतिरोध का असर इस कार्यक्रम में भी देखने को मिला।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सत्ता पक्ष के सांसदों की ओर से प्रदर्शन किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि सत्ताधारी दल के नेता ही प्रदर्शन कर रहे हैं। इस तरह मानसून सत्र का अंतिम दिन भी हंगामे के साथ समाप्त हुआ और सरकार-विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर बना गतिरोध दूर नहीं हो सका।
ये भी पढ़े… चढ़ावा चोरी में बड़ा सियासी ट्विस्ट! केशव मौर्य ने अखिलेश-राहुल पर लगाए गंभीर आरोप









