Home » उत्तर प्रदेश » महिलाओं के वोट पर बड़ा दांव! योगी के ₹20 हजार के जवाब में अखिलेश का ₹40 हजार ऑफर

महिलाओं के वोट पर बड़ा दांव! योगी के ₹20 हजार के जवाब में अखिलेश का ₹40 हजार ऑफर

UP POLITICS: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक दलों के बीच चुनावी वादों की होड़ तेज होती दिखाई दे रही है। महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर भाजपा और समाजवादी पार्टी आमने-सामने हैं। योगी सरकार की प्रस्तावित योजना में पात्र महिलाओं को आर्थिक मदद देने की चर्चा के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये से शुरुआत करने का ऐलान किया है।

भाजपा के 20 हजार के दावे पर अखिलेश का पलटवार

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भाजपा की ओर से महिलाओं को 20 हजार रुपये देने के प्रस्ताव पर सवाल उठाया। उन्होंने इसे चुनावी जुमला बताते हुए भाजपा पर आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए अब उसके पास पैसे के अलावा कुछ नहीं बचा है। अखिलेश ने दावा किया कि सरकार पिछले 10 वर्षों में महिलाओं को सालाना 50 हजार रुपये की सहायता दे सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के अधिकार के पैसे प्रचार में खर्च किए गए।

UP POLITICS: ‘महिलाओं के हिस्से के 5 लाख रुपये बकाया’

सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि यदि 50 हजार रुपये सालाना के हिसाब से पिछले 10 वर्षों की गणना की जाए तो महिलाओं के हिस्से के 5 लाख रुपये बनते हैं। उनके मुताबिक, प्रस्तावित 20 हजार रुपये इस राशि का महज 4 फीसदी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भाजपा के कथित 15 लाख रुपये के पुराने वादे को अलग कर दिया जाए और 20 हजार रुपये देने की बात मान भी ली जाए, तब भी उनके हिसाब से जनता का सरकार पर 4.80 लाख रुपये बकाया रहता है।

अखिलेश बोले- ‘40 हजार से करेंगे शुरुआत’

भाजपा की प्रस्तावित आर्थिक सहायता के जवाब में अखिलेश यादव ने अपनी ओर से बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा, “हम 40,000 से करेंगे शुरुआत, जिसमें ‘बढ़ोतरी’ होगी हर साल!” उनके बयान के मुताबिक, यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महिलाओं को 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और इसमें हर साल वृद्धि की जाएगी।

UP POLITICS: क्यों महिलाओं पर है सभी दलों की नजर?

उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिला मतदाताओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। यही वजह है कि विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दल महिलाओं को केंद्र में रखकर योजनाओं और चुनावी घोषणाओं की तैयारी कर रहे हैं।

हालांकि, योगी सरकार की प्रस्तावित योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अंतिम स्वरूप को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा सामने आना बाकी है। ऐसे में चुनाव के करीब आते-आते महिला मतदाताओं को लेकर भाजपा और सपा की घोषणाओं के बीच मुकाबला और तेज होने की संभावना है।

ये भी पढ़े… संसद सत्र पर NDA सांसदों का राहुल गांधी पर हमला! बोले- ‘अहंकार ने बर्बाद किया पूरा सत्र’