Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद एनडीए नेताओं ने विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि एक नेता की जिद और अहंकार के कारण पूरा सत्र हंगामे की भेंट चढ़ गया और देश के करोड़ों रुपये बर्बाद हुए।
गिरिराज सिंह का राहुल गांधी पर हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘मनमौजी’ और ‘अजीब’ नेता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की जिद के कारण संसद की कार्यवाही बाधित हुई और पूरे महीने को तमाशा बना दिया गया। विपक्ष के प्रदर्शन में बंदरों के शामिल होने का जिक्र करते हुए गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसा और पूछा कि क्या उनके पास बंदरों की कोई टीम है। उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की जिद के कारण संसद नहीं चल सकी और देश के करोड़ों रुपये बर्बाद हुए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को संसद की कार्यवाही बाधित करने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।

Monsoon Session: चिराग पासवान बोले- सदन बाधित करना परंपरा बन गई
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे सदन को नहीं चलने देना विपक्ष की एक परंपरा बन गई है। विपक्ष को लगता है कि संसद की कार्यवाही बाधित करना उसकी जीत है, जबकि लोकतंत्र में यह सोच उचित नहीं है।
अरुण गोविल ने संसद की गरिमा का मुद्दा उठाया
भाजपा सांसद अरुण गोविल ने विपक्ष पर पूरा सत्र बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरोध के दौरान जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, उससे संसद की गरिमा प्रभावित हुई है। उनके मुताबिक, देश की जनता इस तरह की राजनीति का आकलन खुद करेगी।
Monsoon Session: मनोहर लाल खट्टर बोले- लोकसभा चर्चा का मंच
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि लोकसभा चर्चा का मंच है और दोनों पक्षों को एक-दूसरे की बात सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना चर्चा और एक-दूसरे को सुने सदन चलाने का कोई अर्थ नहीं है। लोकसभा किसी एक व्यक्ति की इच्छा से नहीं चल सकती, क्योंकि यह पूरे देश का मंच है।
खड़गे के ‘शुद्धिकरण’ हवन पर भी बोले गिरिराज
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ हवन पर भी गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने खड़गे को वरिष्ठ और सम्मानित नेता बताते हुए कहा कि यदि मैदान में गंदगी थी और उसकी सफाई की गई, तो इसे उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
ये भी पढ़े… संजय राउत का बड़ा बयान! बोले- ‘गृह मंत्री सदन में आएं और जवाब दें’








