Home » राष्ट्रीय » स्कूलों की बदहाली पर छात्रों का फूटा गुस्सा, 4 राज्यों में प्रदर्शन से प्रशासन की बढ़ी चिंता

स्कूलों की बदहाली पर छात्रों का फूटा गुस्सा, 4 राज्यों में प्रदर्शन से प्रशासन की बढ़ी चिंता

Student Protests

Student Protests: देश के अलग-अलग राज्यों में स्कूलों की बदहाल व्यवस्था को लेकर छात्रों और ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। राजस्थान के जालोर में शिक्षकों की भारी कमी के विरोध में स्कूल में तालाबंदी कर दी गई, जबकि उत्तराखंड के खटीमा में खराब भोजन, दूषित पानी और गंदे शौचालयों को लेकर छात्रों ने धरना दिया। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में करीब 1800 छात्र बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन पर उतर आए। वहीं हमीरपुर में सड़क की बदहाली के खिलाफ बच्चों ने तिरंगा लेकर पैदल मार्च किया। झारखंड के गढ़वा में शिक्षक के तबादले का विरोध हिंसक प्रदर्शन में बदल गया।

जालोर में 18 पद खाली, स्कूल में जड़ा ताला

राजस्थान के जालोर के मेंगलवा स्थित पीएम श्री स्कूल में शिक्षकों की कमी से परेशान छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। स्कूल में 25 पद स्वीकृत हैं, लेकिन सिर्फ सात कर्मचारी कार्यरत हैं। प्रधानाचार्य और उपप्रधानाचार्य समेत 18 पद खाली हैं। करीब 340 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के बाद शिक्षा विभाग ने पांच शिक्षकों की अस्थायी व्यवस्था और 10 दिन में तीन अन्य शिक्षकों की नियुक्ति का आश्वासन दिया।

Student Protests: खटीमा में खराब खाना-पानी को लेकर छात्र धरने पर

उत्तराखंड के खटीमा स्थित एकलव्य मॉडर्न आवासीय विद्यालय में छात्रों ने खराब भोजन, दूषित पेयजल और गंदे शौचालयों की शिकायत करते हुए प्रदर्शन किया। मामला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचा, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्कूल की प्रधानाचार्य को पद से हटा दिया गया।

Student Protests

फतेहपुर में 1800 छात्रों ने उठाई आवाज

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज में करीब 1800 छात्र-छात्राओं ने बिजली, पंखे, साफ पानी, शौचालय, मिड-डे मील और पर्याप्त बेंच जैसी सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप था कि शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

Student Protests: हमीरपुर में सड़क के लिए तिरंगा लेकर मार्च

हमीरपुर के चंदूपुर मार्ग की बदहाली के खिलाफ स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने करीब पांच किलोमीटर पैदल मार्च किया। हाथों में तिरंगा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने पक्की सड़क बनाने की मांग रखी। ग्रामीणों के मुताबिक बरसात में सड़क पर कीचड़ और पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और आपात स्थिति में एंबुलेंस पहुंचना भी मुश्किल होता है। दूसरी ओर, झारखंड के गढ़वा में शिक्षक के तबादले के विरोध में शुरू हुआ छात्रों का आंदोलन हिंसक हो गया और पुलिस पर पथराव की स्थिति बन गई। इन घटनाओं से साफ है कि स्कूलों में शिक्षक, पेयजल, स्वच्छता, भोजन, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी समस्याएं छात्रों के लिए गंभीर मुद्दा बन रही हैं।

ये भी पढ़ें…यूपी चुनाव से पहले बड़ा दांव, महिलाओं को 50 हजार रुपये देने की तैयारी