Varanasi News: स्वतंत्रता दिवस से पहले वाराणसी में निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं के बीच एक घटना ने लोगों का ध्यान खींचा। यहां मलदहिया चौराहे पर तिरंगा यात्रा के दौरान बाइक से जा रहे दो युवकों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। दोनों ने बुर्का और नकाब पहन रखा था, जिसके चलते पुलिस को संदेह हुआ। जिसके बाद पुलिस दोनों युवकों को पूछताछ के लिए सिगरा थाने ले गई। जहां प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों इंटरमीडिएट के छात्र हैं और सोशल मीडिया के लिए प्रैंक वीडियो व रील बनाने के उद्देश्य से इमलिया घाट की ओर जा रहे थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को भी थाने बुलाया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पुलिस ने रोका
वाराणसी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर से शुरू होकर मलदहिया और लहुराबीर होते हुए डॉ. सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक पहुंची। यात्रा के दौरान मलदहिया चौराहे पर सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे। इसी दौरान पुलिस की नजर बाइक सवार दो युवकों पर पड़ी। दोनों ने महिलाओं की तरह बुर्का और नकाब पहन रखा था। संदिग्ध परिस्थिति को देखते हुए पुलिस ने बाइक रुकवाकर उनसे पूछताछ की।
वाराणसी में तिरंगा यात्रा निकली थी. तभी सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र को स्कूटी पर दो बुर्काधारी महिलाएं दिखीं.
उन्हें शक हुआ. उन्होंने स्कूटी रुकवाई और बुर्का हटाने को कहा. थोड़ी देर ना नुकुर के बाद स्कूटी सवारों ने बुर्का हटाया. तो वो दो युवक निकले.
जब पुलिस ने हड़काया तो… pic.twitter.com/NG5mYuNkzg— Ruby Arun रूबी अरुण (@arunruby08) August 13, 2026
दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि वे कक्षा 12 के छात्र हैं और सोशल मीडिया के लिए प्रैंक रील और वीडियो बनाते हैं। उन्होंने बताया कि इमलिया घाट पर वीडियो शूट करने के लिए उन्होंने बुर्का पहना था। इसके बाद पुलिस उन्हें सिगरा थाने ले गई और विस्तृत पूछताछ की।
Varanasi News: बाइक में लगा था मॉडिफाइड साइलेंसर
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान दोनों युवकों के पास से कोई आपत्तिजनक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। हालांकि जिस बाइक से दोनों जा रहे थे, उसमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया है। तिरंगा यात्रा और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में संदिग्ध गतिविधि या वेशभूषा नजर आने पर लोगों से पूछताछ की जा रही है।
आपको बता दें कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वाराणसी में आयोजित तिरंगा यात्रा में छात्रों, युवाओं, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने यात्रा का नेतृत्व किया। इसके अलावा सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन की ओर से भी तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। इसमें 150 से अधिक जवानों और अधिकारियों के साथ स्कूली बच्चों व स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।








