Home » राष्ट्रीय » मणिपुर में बड़ी कार्रवाई: 13 उग्रवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

मणिपुर में बड़ी कार्रवाई: 13 उग्रवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

Manipur News

Manipur News: मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 24 घंटे में 13 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से बड़ी संख्या में हथियार, गोला-बारूद और प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ी सामग्री बरामद की गई। कार्रवाई मणिपुर पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और असम राइफल्स ने मिलकर की। सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब राज्य में संवेदनशील इलाकों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है।

छह जिलों में चला संयुक्त अभियान

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तारियां काकचिंग, बिष्णुपुर, इंफाल पश्चिम, थौबल, चुराचांदपुर और कांगपोकपी जिलों में की गईं। गिरफ्तार किए गए उग्रवादी प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े बताए गए हैं। इनमें कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी, पीपल्स लिबरेशन आर्मी और उसके राजनीतिक विंग रिवोल्यूशनरी पीपल्स फ्रंट, कांगलेई यावोल कन्ना लुप, यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट, पीपल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेईपाक और यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के सदस्य शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से कुछ आरोपी हमला, अपहरण, जबरन वसूली और प्रतिबंधित संगठनों में युवाओं की भर्ती जैसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

Manipur News: हथियार और 2,300 से ज्यादा कारतूस बरामद

सुरक्षा बलों ने काकचिंग, इंफाल ईस्ट और कांगपोकपी के आदिवासी इलाकों में अलग-अलग अभियानों के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया। बरामद सामान में चार पिस्तौल, एक .303 लाइट मशीन गन, तीन राइफल, दो .22 राइफल, नौ सिंगल-बैरल बंदूक, दो 12-बोर डबल-बैरल बंदूक और 13 सिंगल-बैरल बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा छह हैंड ग्रेनेड, वायरलेस सेट, एंटी-रायट ग्रेनेड, रबर की गोलियां, आंसू गैस के गोले और अलग-अलग हथियारों की 30 मैगजीन बरामद हुईं। सुरक्षा बलों को अलग-अलग कैलिबर के 2,300 जिंदा कारतूस, 157 खाली खोखे और वॉकी-टॉकी से जुड़ा सामान भी मिला।

111 नाके और चौकियों पर बढ़ी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए घाटी और पहाड़ी जिलों में 111 नाके और चौकियां स्थापित की गई हैं। इन स्थानों पर उग्रवादियों, संदिग्ध वाहनों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इंफाल-जिरिबाम राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले ट्रकों और अन्य वाहनों को सुरक्षा बलों की सशस्त्र सुरक्षा दी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील इलाकों में लगातार अभियान और निगरानी जारी रखे हुए हैं।

ये भी पढ़ें…नेताजी पर विवादित टिप्पणी से बवाल, सांसद नागेंद्र रे पर FIR; ‘बंगा विभूषण’ सम्मान भी गया