Home » Breaking News » लखीसराय भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत, CM सम्राट ने जताया दुख; घायलों के इलाज के निर्देश

लखीसराय भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत, CM सम्राट ने जताया दुख; घायलों के इलाज के निर्देश

Lakhisarai Stampede: बिहार के लखीसराय स्थित अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को हुई भगदड़ में कम से कम 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताते हुए घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को निर्देश दिए हैं।

अशोकधाम मंदिर में मची भगदड़

जानकारी के मुताबिक, सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु अशोकधाम मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर के पास अचानक भगदड़ मच गई। इस दौरान कई श्रद्धालु भीड़ में फंस गए और एक-दूसरे के नीचे दब गए। हादसे में कम से कम 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

आशोकधाम में बड़ा हादसा
                                                   आशोकधाम में बड़ा हादसा
Lakhisarai Stampede: CM सम्राट चौधरी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर और तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

संजय झा ने भी जताया शोक

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि सावन सोमवार के अवसर पर अशोकधाम मंदिर में भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत की खबर से वह मर्माहत हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

Lakhisarai Stampede: राम कृपाल यादव ने जताई संवेदना

बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि लखीसराय में हुए दर्दनाक हादसे में 7 महिलाओं की मौत की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

ये भी पढ़े… साउथ कोरिया से नाराज हुए ट्रंप! सैन्य अभ्यास में कटौती का आदेश, जानिए वजह