Lakhisarai Stampede: लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को हुई भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। बिहार सरकार में मंत्री और स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी और जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
बिजली के तार गिरने के बाद फैली अफवाह से मची भगदड़
विजय कुमार सिन्हा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि मंदिर परिसर के बाहर एक खंभा और बिजली के तार गिरने के बाद लोगों के बीच अफवाह फैल गई कि बिजली का करंट दौड़ रहा है। इसके बाद वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। जिसके बाद वहां पर 7 श्रद्धालुओं की मौत की हो गई है. उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला मजिस्ट्रेट और मंदिर प्रशासन से बातचीत की गई है। वह खुद घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे।
Lakhisarai Stampede: मेडिकल इंतजामों को प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से भी घटना को लेकर बात की है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के इलाज और मेडिकल इंतजामों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
सुबह तक सामान्य थी स्थिति
विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे तक अशोकधाम में स्थिति सामान्य थी। उन्होंने कहा कि मंदिर में सरकार की ओर से राहत शिविर भी चलाया जाता है और वीडियो कॉल के जरिए उन्होंने वहां की स्थिति देखी थी। मंत्री के मुताबिक, घटना सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बाद हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों और प्रभावित लोगों में अधिकतर स्थानीय लोग हैं। पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Lakhisarai Stampede: राम कृपाल यादव बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई
बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि भगदड़ में 7 लोगों की मौत हुई है और यह बेहद दुखद एवं गंभीर घटना है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जानी चाहिए और सरकार निश्चित रूप से इसकी जांच कराएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… लखीसराय भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत, CM सम्राट ने जताया दुख; घायलों के इलाज के निर्देश








