Air India Pilots: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस की घटना के बाद एयरलाइन ने पायलटों के लिए डोप टेस्ट को लेकर नियम और सख्त कर दिए हैं। नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत अब उड़ान से पहले सभी पायलटों का डोप टेस्ट कराया जा रहा है।इस प्रक्रिया के दौरान शुरुआती जांच में दो और पायलटों के सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। अंतिम रिपोर्ट आने तक दोनों पायलटों को फ्लाइट ड्यूटी से हटा दिया गया है।
300 से ज्यादा पायलटों की जांच
फुकेट-दिल्ली उड़ान में हुई घटना के बाद एअर इंडिया ने अपने सभी पायलटों के ड्रग टेस्ट कराने का निर्देश दिया था। अब तक 300 से अधिक पायलट इस जांच प्रक्रिया से गुजर चुके हैं।आमतौर पर डोप टेस्ट की अंतिम रिपोर्ट आने में 24 से 48 घंटे का समय लगता है। शुरुआती जांच में किसी पायलट का सैंपल पॉजिटिव आने पर उसे अंतिम पुष्टि तक उड़ान ड्यूटी से अलग रखा जा रहा है।दरअसल, 4 अगस्त को थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई थी। इस दौरान विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया था।इस घटना के बाद यह दावा सामने आया था कि फ्लाइट में मौजूद दो पायलटों में से एक डोप टेस्ट में फेल हुआ था।
करीब 4 सेकंड तक बिगड़ा फ्लाइट कंट्रोल
घटना के दौरान करीब चार सेकंड तक विमान के एलिवेटर्स और एलेरॉन्स बिना किसी पायलट कमांड के अपने आप ड्रिफ्ट करते रहे। इसी दौरान ऑटोपायलट भी डिस्कनेक्ट हो गया था।कॉकपिट में स्टॉल वार्निंग आने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद फर्स्ट ऑफिसर ने फुल नोज-डाउन इनपुट दिया। कुछ सेकंड बाद विमान का हाइड्रोलिक सिस्टम धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।इसके बाद येलो और ग्रीन हाइड्रोलिक सिस्टम भी रिकवर हो गए। फ्लाइट के कंट्रोल सर्फेस ने भी दोबारा काम करना शुरू कर दिया था।
मुख्य पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव
एअर इंडिया के सूत्रों के मुताबिक, 4 अगस्त की घटना के बाद तय SOP के तहत दोनों पायलटों का अनिवार्य साइकोएक्टिव सब्सटेंस यानी डोप टेस्ट कराया गया था।शुरुआती स्क्रीनिंग में मुख्य पायलट के सैंपल में पॉजिटिव परिणाम मिला। इसके बाद अंतिम और विस्तृत पुष्टि के लिए सैंपल को दूसरी लैब में भेजा गया था।सूत्रों ने बताया था कि दूसरी लैब की रिपोर्ट में भी पायलट के मारिजुआना यानी गांजा सेवन की पुष्टि हुई थी।हालांकि, उस समय एअर इंडिया की ओर से पायलट के गांजा सेवन की पुष्टि को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
अब उड़ान से पहले होगी जांच
फुकेट-दिल्ली फ्लाइट की घटना और डोप टेस्ट से जुड़े मामले के बाद एअर इंडिया ने अपनी प्रक्रिया को और कड़ा कर दिया है। अब एयरलाइन ने उड़ान से पहले सभी पायलटों के डोप टेस्ट को अनिवार्य कर दिया है।नई SOP के तहत पायलटों की जांच नियमित सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा होगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पायलट किसी साइकोएक्टिव या नशीले पदार्थ के प्रभाव में विमान उड़ाने की जिम्मेदारी न संभाले।
ये भी पढ़ें…बीरभूम में होटल में भीषण अग्निकांड, सोते समय 7 लोगों की मौत, कई झुलसे; बढ़ सकती है मृतकों की संख्या








